छत्तीसगढ़ को देश का प्रमुख विकास इंजन बनाने के लिए खनिज संपदा का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग जरूरी: मुख्यमंत्री साय

Lok Bimb
14 Min Read

– केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी की मौजूदगी में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
– खनिज राजस्व से वर्ष 2025-26 में मिले 16,738 करोड़ रुपये
– बस्तर के जनजातीय टिन संग्राहकों को बेहतर मूल्य दिलाने की पहल की सराहना


रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और देश के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास में प्रदेश के खनिज संसाधनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य सरकार केंद्र के साथ समन्वय स्थापित कर खनिज संसाधनों का समुचित, वैज्ञानिक और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। खनिज संपदा का लाभ केवल औद्योगिक विकास तक सीमित न रहे, बल्कि इसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों, विशेषकर खनन प्रभावित क्षेत्रों और जनजातीय समुदायों तक पहुंचे, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। खनिज संसाधनों के बेहतर प्रबंधन, निवेश, रोजगार सृजन और समावेशी विकास के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के विकास का प्रमुख इंजन बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय अपने निवास कार्यालय में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी की उपस्थिति में आयोजित खनन एवं कोयला क्षेत्र की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में प्रदेश में खनिज अन्वेषण, खनिज खंडों की नीलामी, कोयला उत्पादन, महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिजों के विकास, जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की राशि के उपयोग तथा खनन गतिविधियों में आधुनिक तकनीक के समावेश सहित विभिन्न विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में छत्तीसगढ़ की भूमिका अहम है। देश की बढ़ती औद्योगिक और आर्थिक आवश्यकताओं के अनुरूप खनिज संसाधनों का अन्वेषण और उपयोग आवश्यक है। राज्य सरकार इस दिशा में केंद्र के साथ मिलकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि खनन गतिविधियों के विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय आवश्यकताओं, रोजगार के अवसरों और प्रभावित समुदायों के हितों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब खनिज संपदा से प्राप्त आर्थिक लाभ प्रभावित लोगों तक पहुंचेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खनिज प्रशासन में पारदर्शिता, तकनीक के अधिकतम उपयोग और खनन प्रभावित क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। खनिज ऑनलाइन 2.0, डिजिटल निगरानी व्यवस्था और ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से खनन गतिविधियों की निगरानी अधिक प्रभावी बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि बस्तर के जनजातीय समुदायों को टिन अयस्क का बेहतर मूल्य दिलाने और भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए टिन पोर्टल जैसी पहल शुरू की गई है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश की खनिज संपदा को स्थानीय समुदायों की आर्थिक आत्मनिर्भरता और आजीविका के नए अवसरों का आधार बनाना है।
केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने खनन क्षेत्र में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किए जा रहे नवाचारों, राजस्व वृद्धि और तकनीक आधारित प्रशासनिक सुधारों की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। राज्य ने खनिज संसाधनों के बेहतर प्रबंधन, पारदर्शिता और सूचना प्रौद्योगिकी के उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।
केंद्रीय मंत्री ने खनिज ऑनलाइन 2.0 पोर्टल, ड्रोन आधारित निगरानी, खनन गतिविधियों की स्टार रेटिंग और डिजिटल निगरानी व्यवस्था की प्रशंसा की। उन्होंने खनिज राजस्व बढ़ाने तथा खनन क्षेत्र में प्रशासनिक दक्षता लाने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों को सराहनीय बताया। बस्तर के जनजातीय समुदायों से टिन अयस्क की पारदर्शी खरीदी और बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने के लिए विकसित टिन पोर्टल की भी उन्होंने विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि खनिज संसाधनों का लाभ स्थानीय लोगों तक पहुंचाने और तकनीक के माध्यम से व्यवस्थाओं को पारदर्शी बनाने की दिशा में छत्तीसगढ़ के प्रयास महत्वपूर्ण हैं।
केंद्रीय मंत्री रेड्डी ने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की राशि के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि खनन गतिविधियों से प्रभावित क्षेत्रों और उनके आसपास रहने वाले लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना डीएमएफ का प्रमुख उद्देश्य है। इस राशि का अधिकतम उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, आजीविका, आधारभूत संरचना और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित रहे जिलों को डीएमएफ राशि के उपयोग के संबंध में नियमों के तहत विशेष छूट दी गई है। संबंधित जिलों में इस प्रावधान का नियमानुसार अधिकतम लाभ उठाया जाना चाहिए, ताकि स्थानीय समुदायों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति मिल सके। उन्होंने कहा कि खनन से प्राप्त संसाधनों का उपयोग प्रभावित क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए किया जाना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने प्रदेश में नए खनिज भंडारों की खोज और अन्वेषण गतिविधियों को तेज करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि देश की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए परंपरागत खनिजों के साथ महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिजों के अन्वेषण पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। इसके लिए केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे बजट और संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के उपयोग से संभावित खनिज क्षेत्रों की पहचान और उनके विकास की दिशा में तेजी से काम करने की बात कही। खनिज खंडों की नीलामी के बाद उन्हें शीघ्र चालू करने के लिए आवश्यक वैधानिक स्वीकृतियों और प्रक्रियाओं में भी तेजी लाने पर जोर दिया।
रेड्डी ने खदानों के समापन की गतिविधियों को वैज्ञानिक और व्यवस्थित तरीके से संचालित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि जिन खदानों में खनन कार्य पूरा हो चुका है, उनका समापन निर्धारित वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप किया जाना चाहिए। खनन समाप्त होने के बाद संबंधित भूमि का बेहतर और उपयोगी पुन: उपयोग किस प्रकार किया जा सकता है, इसके लिए भी कार्ययोजना तैयार की जाए।
उन्होंने कहा कि खनन गतिविधियों के दौरान और उनके समापन के बाद पर्यावरणीय संतुलन, भूमि पुनर्स्थापन तथा स्थानीय समुदायों के हितों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। देश की आवश्यकताओं के अनुरूप खनन गतिविधियों का विस्तार हो, लेकिन सभी कार्य वैज्ञानिक पद्धति और जिम्मेदारीपूर्ण दृष्टिकोण के साथ किए जाएं। उन्होंने महत्वपूर्ण खनिजों के घरेलू उत्पादन और देश के भीतर उनके मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया, ताकि घरेलू आपूर्ति व्यवस्था मजबूत हो और आयात पर निर्भरता कम की जा सके।
बैठक में खनिज संसाधन विभाग के समन्वय से भू-विज्ञान एवं खनिकर्म संचालनालय ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इसमें बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में छत्तीसगढ़ को खनिजों से 16 हजार 738 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। प्रदेश में कोयला, लौह अयस्क, चूना पत्थर और टिन के उत्पादन में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है।
प्रस्तुतीकरण में लिथियम और टिन सहित विभिन्न खनिज खंडों की नीलामी की प्रगति, आवंटित खदानों के संचालन की स्थिति तथा नए खनिज संसाधनों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।
बैठक में छत्तीसगढ़ में उपलब्ध संभावित महत्वपूर्ण एवं रणनीतिक खनिज संसाधनों के विकास पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इनमें लिथियम, ग्रेफाइट, दुर्लभ मृदा तत्व, वैनेडियम, गैलियम, फॉस्फोराइट और टिन जैसे महत्वपूर्ण खनिज शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की बढ़ती औद्योगिक आवश्यकताओं और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए इन खनिजों का अन्वेषण और घरेलू उत्पादन बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने खनिज आधारित उद्योगों के विकास और देश के भीतर मूल्य संवर्धन को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
समीक्षा बैठक में प्रदेश के चालू और गैर-संचालित कोयला खंडों की स्थिति, वैधानिक स्वीकृतियों, उत्पादन क्षमता तथा परिचालन संबंधी चुनौतियों की समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री ने कोयला उत्पादन में तेजी लाने, खनन परियोजनाओं के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित करने और विभिन्न विभागों एवं एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
इस दौरान कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के साथ भी समीक्षा बैठक हुई। इसमें कोयला उत्पादन, परिचालन प्रदर्शन, जिला स्तर पर लंबित विषयों और खदानों के संचालन में आने वाली समस्याओं पर चर्चा की गई। संबंधित जिलों के कलेक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
बैठक में खनिज क्षेत्र में पारदर्शिता और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की तकनीक आधारित पहलों की जानकारी दी गई। प्रस्तुतीकरण में खनिज ऑनलाइन 2.0, डीएमएफ पोर्टल 2.0, ड्रोन आधारित निगरानी तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल तकनीक से खनिज परिवहन की निगरानी जैसी व्यवस्थाओं को रेखांकित किया गया।
खनन गतिविधियों की स्टार रेटिंग को भी निगरानी व्यवस्था अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य खनन क्षेत्र की नियामकीय प्रक्रियाओं को सरल बनाना, निगरानी मजबूत करना तथा अवैध खनन और खनिज परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
बैठक में बस्तर के जनजातीय समुदायों को खनिज संसाधनों से आर्थिक लाभ और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित टिन पोर्टल की जानकारी भी दी गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 31 अगस्त 2026 को छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम लिमिटेड द्वारा इंडियन ओवरसीज बैंक के सहयोग से विकसित टिन (प्राकृतिक संसाधनों से जनजातीय प्रोत्साहन) पोर्टल का शुभारंभ किया था।
इस पोर्टल के माध्यम से बस्तर संभाग में जनजातीय समुदायों द्वारा संग्रहित टिन अयस्क की खरीदी, परिवहन, बिक्री, मूल्य निर्धारण और भुगतान की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल तथा पारदर्शी बनाया जा रहा है। इसमें लंदन मेटल एक्सचेंज आधारित मूल्य निर्धारण की व्यवस्था है, जिससे टिन संग्राहकों को बाजार की स्थिति के अनुरूप उचित मूल्य मिल सकेगा। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से भुगतान की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है।
छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में 8,707 किलोग्राम से अधिक टिन अयस्क की खरीदी के एवज में लगभग 90.82 लाख रुपये का भुगतान किया गया था। वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में 20,895 किलोग्राम से अधिक टिन अयस्क की खरीदी पर लगभग 3 करोड़ 81 लाख रुपये का भुगतान किया गया। इस प्रकार एक वर्ष में जनजातीय संग्राहकों को टिन अयस्क की खरीदी के एवज में किए गए भुगतान में चार गुने से अधिक की वृद्धि हुई है।
वर्तमान में बस्तर संभाग में छह टिन क्रय केंद्रों के माध्यम से जनजातीय हितग्राहियों से अयस्क की खरीदी की जा रही है। इनमें दंतेवाड़ा जिले के बचेली, कटेकल्याण और चिकपाल तथा सुकमा जिले के तोंगपाल, नामा और चिंतलनार शामिल हैं। इसके अतिरिक्त तीन नए क्रय केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। पोर्टल में डिजिटल पंजीयन, क्यूआर कोड आधारित सत्यापन, संदेश अलर्ट और तत्काल निगरानी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
बैठक में बस्तर क्षेत्र में कोलंबाइट संसाधनों के विकास की पहल का भी उल्लेख किया गया। इन प्रयासों का उद्देश्य खनिज संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्ण विकास करने के साथ स्थानीय जनजातीय समुदायों के लिए स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है।
बैठक में केंद्र और राज्य सरकार ने खनन एवं कोयला क्षेत्र के विकास, महत्वपूर्ण खनिजों के अन्वेषण, निवेश आकर्षित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और खनन प्रभावित क्षेत्रों के समावेशी विकास के लिए आपसी समन्वय के साथ काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव विकास शील, अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक बी. साईराम, एसईसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक हरीश दुहन सहित भारत सरकार और राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment