रासायनिक खेती के दुष्प्रभाव से बचाएं मिट्टी की सेहत, प्राकृतिक खेती को दें बढ़ावा : विजय सिन्हा

Lok Bimb
3 Min Read

बाजार समितियों में प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को मिलेगी प्राथमिकता, कृषि भूमि के एक-तिहाई हिस्से में पारिवारिक जरूरत का अनाज उगाने की अपील

गोपाल विद्यार्थी 

आरा : खेतों की उर्वरता बचाने और किसानों की समृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भोजपुर जिले में मंगलवार को ‘खेत बचाओ अभियान-सह-कृषि जन कल्याण संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल से मिट्टी की उर्वराशक्ति प्रभावित होती है। धरती की सेहत और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार बाजार समितियों में प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को प्राथमिकता देने की दिशा में पहल करेगी, ताकि उन्हें बेहतर विपणन सुविधाएं मिल सकें। किसानों से अपील की कि वे अपनी कृषि भूमि के कम-से-कम एक-तिहाई हिस्से में परिवार की जरूरत के अनुसार अनाज का उत्पादन जरूर करें, जिससे घर के लिए शुद्ध खाद्यान्न उपलब्ध हो सके।कृषि मंत्री ने कहा कि खेतों का संरक्षण केवल कृषि भूमि बचाने का अभियान नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की थाली में रोटी सुनिश्चित करने का संकल्प है। खेत बचेंगे, मिट्टी की उर्वरता कायम रहेगी, तभी खेती समृद्ध होगी और किसानों की आय बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि भोजपुर जिले के 24 विद्यालयों में मिट्टी जांच प्रयोगशालाएं स्थापित की जा रही हैं। इससे विद्यार्थियों को मिट्टी की गुणवत्ता, उर्वराशक्ति और पोषक तत्वों की जानकारी मिलेगी तथा संतुलित उर्वरक उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने जिले में कृषि व्यवस्था को डिजिटल और तकनीक आधारित बनाने के प्रयासों की जानकारी देते हुए बताया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे के तहत अब तक 1.14 लाख प्लॉट का सर्वे पूरा किया जा चुका है। वहीं, 1.09 लाख किसानों की फार्मर आईडी बनाई गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत जिले के 1.80 लाख किसानों को लाभ मिल चुका है। कार्यक्रम में विधायक महेश पासवान, विधान पार्षद राधाचरण साह और जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा सहित अन्य अधिकारी एवं किसान उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment