दीघा से गाय घाट तक प्रमुख घाटों का निरीक्षण, बैरिकेडिंग, पार्किंग और रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
गोपाल विद्यार्थी
पटना : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को डीएम कुंदन कुमार ने एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा और नगर आयुक्त यशपाल मीणा के साथ दीघा घाट से गाय घाट तक प्रमुख गंगा घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान पाटी पुल, मिनार घाट, तिरानवे घाट, कलेक्ट्रेट घाट और जजेज घाट सहित अन्य घाटों पर चल रहे कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि छठ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग, पानी के अंदर निर्धारित गहराई तक सुरक्षा घेरा बनाने तथा खतरनाक घाटों को लाल कपड़े से घेरकर स्पष्ट चिह्नित करने का निर्देश दिया। साथ ही पहुंच पथों की मरम्मत और वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने को कहा।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई, पेयजल, चेंजिंग रूम, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुख घाटों पर एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया।


