प्रवासी बिहारियों को विकास और निवेश से जोड़ेगी सरकार, मुख्यमंत्री ने लॉन्च किए दो पोर्टल

Lok Bimb
3 Min Read

बिहार फाउंडेशन के 55 चैप्टर की संख्या बढ़ाकर 100 करने का लक्ष्य, देशभर में खुलेंगे 10 इंटीग्रेटेड सेंटर

बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 से निवेश और रोजगार के नए अवसरों को मिलेगा बढ़ावा

गोपाल विद्यार्थी 

पटना :
बिहार के वैश्विक संपर्क को मजबूत करने और प्रवासी बिहारियों को राज्य के विकास एवं निवेश से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को बिहार फाउंडेशन और बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 पोर्टल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित ‘संवाद’ कार्यक्रम में उन्होंने देश-विदेश के 55 राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय चैप्टर के प्रतिनिधियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बातचीत की। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद रहीं।मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार फाउंडेशन के माध्यम से दुनिया के विभिन्न हिस्सों में बसे बिहार मूल के लोगों को अपनी मातृभूमि से जोड़कर उनके अनुभव, ज्ञान और संसाधनों का राज्य के विकास में उपयोग किया जाएगा। बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 का उद्देश्य निवेश प्रस्ताव प्राप्त करने के साथ उन्हें धरातल पर उतारना और औद्योगिक विकास एवं रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। उन्होंने प्रवासी बिहारियों से बिहार की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। वर्तमान में बिहार फाउंडेशन के 55 चैप्टर संचालित हैं, जिनमें 31 अंतरराष्ट्रीय और 24 राष्ट्रीय हैं। आगामी वित्तीय वर्ष के अंत तक इनकी संख्या 100 करने तथा देशभर में 10 इंटीग्रेटेड सेंटर स्थापित करने का लक्ष्य है। नए पोर्टल के माध्यम से प्रवासी बिहारियों को राज्य की संस्कृति, विरासत और विकास की जानकारी मिलेगी। वहीं, बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 पोर्टल पर निवेशकों को पंजीकरण, आयोजन की जानकारी और राज्य में उपलब्ध औद्योगिक एवं निवेश अवसरों का विवरण मिलेगा। उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि दोनों पोर्टल बिहार में निवेश को नई दिशा देंगे। सरकार निवेशकों को बेहतर सुविधाएं, सरल प्रक्रियाएं और अनुकूल औद्योगिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उद्योग विभाग के सचिव सह बिहार फाउंडेशन के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी कुंदन कुमार ने कहा कि इन पोर्टलों से प्रवासी बिहारियों, निवेशकों और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।

Share This Article
Leave a Comment