राष्ट्रीय युवा महोत्सव में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र का भी हुआ उद्घाटन

Lok Bimb
4 Min Read

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लोकनृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और कविता लेखन में युवाओं ने लिया हिस्सा, 25 खिलाड़ियों को मिलेगी निःशुल्क शिक्षा व आवासन की सुविधा

फातेह आलम तालझारी

साहिबगंज : राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2027 के तहत विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग के अंतर्गत बुधवार को सिद्धो-कान्हू सभागार में जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिला खेल कार्यालय एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के युवाओं ने अपनी सांस्कृतिक, कलात्मक एवं रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा ने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित करने के बाद दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उप विकास आयुक्त ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और विकसित भारत के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों से पूरी लगन एवं आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन करने तथा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने की अपील की।
प्रतियोगिता में सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला एवं कविता लेखन की विधाओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। निर्णायक मंडली द्वारा प्रदर्शन के मूल्यांकन के बाद विजेताओं की घोषणा की गई। सामूहिक लोकनृत्य में साहिबगंज महाविद्यालय की स्नेहा कुमारी ने प्रथम तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की सुनीता हांसदा ग्रुप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सामूहिक लोकगीत में बीएड कॉलेज साहिबगंज ग्रुप के एमानुएल हेंब्रम प्रथम तथा साहिबगंज महाविद्यालय का स्वीटी ग्रुप द्वितीय स्थान पर रहा। नुक्कड़ नाटक में सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, साहिबगंज की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। चित्रकला में साहिबगंज महाविद्यालय के मनीष कुमार प्रथम एवं स्नेहा राज द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं कविता लेखन में अंजली कुमारी सोनी ने प्रथम तथा खुशी लाल पंडित ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिले में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। सिद्धो-कान्हू स्टेडियम स्थित खेल छात्रावास में नवसृजित आवासीय बालक फुटबॉल क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को खेल किट एवं फुटबॉल प्रदान कर केंद्र की शुरुआत की गई। इस राज्य स्तरीय आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में चयनित 25 फुटबॉल खिलाड़ियों को निःशुल्क शिक्षा, आवासन, गुणवत्तापूर्ण भोजन, खेल किट एवं खेल सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही प्रशिक्षित विशेषज्ञों के माध्यम से खिलाड़ियों को नियमित रूप से उच्चस्तरीय फुटबॉल प्रशिक्षण दिया जाएगा। केंद्र में चयनित खिलाड़ियों में चन्द्राय मुर्मू, लखींद्र सोरेन, प्रेम हेंब्रम, सूखेन सोरेन, हीरा लाल मुर्मू, निशांत मुर्मू, बाबूजी हांसदा, रोहित मुर्मू, होपना टुडू, नीरज मुर्मू, सिंगराई मरांडी, सूरज मड़ैया, मथियस हेंब्रम, मोहन मुर्मू, अमित मुर्मू, रोहित मुर्मू, लुखी राम मरांडी, धुनु मुर्मू, विमल बेसरा, हिमांशु टुडू, अंकित तिग्गा, खेला सोरेन, मसीह लाल मुर्मू, ओम प्रकाश बेसरा एवं फ्रांसिस हेंब्रम शामिल हैं। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को बेहतर संसाधन और प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि वे जिला, राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत से जिले के उभरते फुटबॉल खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा। मौके पर जिला खेल पदाधिकारी-सह-जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, निर्णायक मंडली, शिक्षक एवं प्रतिभागी युवा उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment