गोवा में राष्ट्रीय खनन मंत्रियों के सम्मेलन में बिहार के मंत्री ने रखी राज्य की प्राथमिकताएं, अवैध खनन पर जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई
गोपाल विद्यार्थी
पटना : गोवा में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी की अध्यक्षता में राज्यस्तरीय कोयला एवं खान मंत्रियों के दो दिवसीय सम्मेलन का शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में बिहार के खान एवं भूतत्व मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने भी भाग लिया और खनन क्षेत्र में पारदर्शिता, निवेश, औद्योगिकीकरण एवं रोजगार सृजन को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। अपने संबोधन में डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि बिहार में खनिज संसाधनों के सुनियोजित विकास से औद्योगिकीकरण, आधारभूत संरचना के विस्तार, निवेश आकर्षित करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की व्यापक संभावनाएं हैं। खनन क्षेत्र राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार खनन क्षेत्र में पारदर्शिता, कार्यकुशलता और व्यवसाय करने में सुगमता बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वय बनाकर काम कर रही है। अवैध खनन के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कायम है। इसके लिए प्रवर्तन व्यवस्था मजबूत करने, जिला प्रशासन और खनन अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय तथा आधुनिक तकनीक से निगरानी पर जोर दिया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के ऐसे सम्मेलन राज्यों के बीच अनुभवों और बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान के साथ खनन क्षेत्र में निवेश एवं विकास की नई संभावनाओं को बढ़ावा देंगे। सम्मेलन में गोवा के मुख्यमंत्री सहित विभिन्न राज्यों के खनन मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, निवेशक एवं खनन क्षेत्र के विशेषज्ञ उपस्थित रहे।


