बिहार के 646 संस्कृत विद्यालयों के विकास और भाषा के संरक्षण के प्रयासों को मिली राष्ट्रीय पहचान
गोपाल विद्यार्थी
पटना : बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा को संस्कृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं शैक्षणिक विकास में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘संस्कृत भूषण सम्मान’ से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली के होटल आईटीसी मौर्या में रामायण रिसर्च काउंसिल की ओर से आयोजित समारोह में आचार्य सुदर्शन जी एवं भाजपा के राष्ट्रीय नेता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने उन्हें सम्मान प्रदान किया। मौके पर मृत्युंजय कुमार झा ने कहा कि यह सम्मान व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि बिहार की गौरवशाली ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान है। उन्होंने कहा कि संस्कृत भारतीय सभ्यता, दर्शन, अध्यात्म और ज्ञान-विज्ञान की अमूल्य धरोहर है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।उन्होंने बताया कि बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अंतर्गत संचालित 646 प्रशिक्षित संस्कृत विद्यालयों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। परीक्षा प्रणाली का डिजिटलीकरण, ऑनलाइन आवेदन, समयबद्ध परिणाम और विद्यालयों की नियमित समीक्षा जैसे कदम उठाए गए हैं। झा ने कहा कि संस्कृत विद्यालयों में पुस्तकालय, स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षा और आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों के विस्तार के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार के साथ-साथ सीएसआर के माध्यम से सहयोग की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप संस्कृत को आधुनिक तकनीक, भारतीय ज्ञान परंपरा और रोजगारोन्मुखी शिक्षा से जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही संकल्प व्यक्त किया कि बिहार को संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।


