टेंडर प्रक्रिया से लेकर संचालन तक उठे सवाल, करोड़ों रुपये के भुगतान में गड़बड़ी का आरोप; उच्चस्तरीय जांच में बड़े खुलासे का दावा
शैलेश सिंह
चतरा: मगध-अम्रपाली परियोजना के विस्थापित गांवों में सीसीएल की CSR (कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व) योजना के तहत संचालित मोबाइल मेडिकल वाहन की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सीसीएल मुख्यालय रांची से टेंडर प्राप्त करने वाली कंपनी पर निर्धारित मानकों की अनदेखी कर योजना का संचालन करने और स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बरतने के आरोप लगे हैं। मामले में टेंडर प्रक्रिया से लेकर मेडिकल वाहनों के संचालन तक कथित अनियमितताओं की शिकायत सामने आई है। आरोप है कि संबंधित कंपनी ने निर्धारित नियमों और स्वास्थ्य सेवाओं के मानकों का पालन किए बिना करोड़ों रुपये के बिल का भुगतान प्राप्त किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के दौरान कथित अनियमितताओं का खुलासा होने के बाद सीसीएल प्रबंधन ने दोनों मोबाइल मेडिकल वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई के बाद कंपनी और दरभंगा हाउस में हड़कंप मच गया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि टेंडर आवंटन से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया में किन अधिकारियों की भूमिका रही और निर्धारित मानकों की अनदेखी के बावजूद करोड़ों रुपये के बिल का भुगतान कैसे हुआ? मामले में उच्चस्तरीय जांच के जरिए पूरे प्रकरण की परतें खुलने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और संबंधित कंपनी का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
टेंडर प्रक्रिया से भुगतान तक उठे सवाल
इस पूरे मामले में अब सीसीएल मुख्यालय रांची की टेंडर प्रक्रिया और संबंधित कंपनी को कार्य आवंटित करने से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। आखिर निर्धारित मानकों का पालन नहीं होने के बावजूद कंपनी को भुगतान कैसे किया गया? क्या संबंधित अधिकारियों ने योजना के संचालन की नियमित निगरानी की थी? यदि जांच में अनियमितताएं सामने आई हैं तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है?
उच्चस्तरीय जांच में बड़े खुलासे का दावा
मामले को लेकर उच्चस्तरीय जांच में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का खुलासा होने का दावा किया जा रहा है। दरभंगा हाउस में बैठे सीएसआर विभाग के अधिकारी भी जांच के घेरे में आ गए हैं। दोनों मोबाइल मेडिकल वाहनों को जब्त किए जाने की कार्रवाई के बाद अब पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग उठने लगी है।


