गोपाल विद्यार्थी
पटना : प्रकाश पर्व के सफल आयोजन को लेकर जिला एवं प्रमंडलीय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को प्रमंडलीय आयुक्त राजेश कुमार ने प्रमंडलीय सभागार में संबंधित विभागों और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक कर अब तक की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि पटना सिटी क्षेत्र की 101 सड़कों एवं गलियों को मरम्मत के लिए चिह्नित किया गया है। इस पर आयुक्त ने पथ निर्माण विभाग को सभी चिह्नित सड़कों की मरम्मत समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी कराने का निर्देश दिया।आयुक्त ने परिवहन व्यवस्था, प्रमुख मार्गों पर साइनेज, वाहनों की पार्किंग, तोरण द्वार, सुरक्षा बलों के आवासन, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता के लिए जरूरत के अनुसार बोरिंग कराने का निर्देश दिया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों से संवाद करते हुए आयुक्त ने कहा कि आयोजन से जुड़ी किसी भी समस्या अथवा आवश्यकता की जानकारी प्रशासन को दें। श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में उनके आवागमन, आवासन और अन्य बुनियादी सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। सभी विभाग निर्धारित कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करें।


