सरकारी स्कूलों में बनेंगे आंगनबाड़ी केंद्र, वीबी-जीरामजी योजना से होगा निर्माण

Lok Bimb
2 Min Read

जमीन नहीं मिलने पर विद्यालय परिसर को मिलेगी प्राथमिकता, विशेष परिस्थिति में पहली मंजिल पर बनेंगे अतिरिक्त कक्ष

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : राज्य के सरकारी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के परिसर में अब आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन बनाए जाएंगे। इसके लिए वीबी-जीरामजी योजना की राशि खर्च की जाएगी। जिन क्षेत्रों में आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए पर्याप्त और विवादरहित सरकारी जमीन उपलब्ध नहीं है, वहां सरकारी स्कूल परिसर की खाली जमीन को प्राथमिकता दी जाएगी। इस संबंध में ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास और शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने सभी जिलाधिकारियों को संयुक्त निर्देश जारी किया है। निर्देश के अनुसार, विशेष परिस्थितियों में विद्यालय परिसर के भूतल पर जमीन उपलब्ध नहीं होने पर तकनीकी विशेषज्ञों और अभियंताओं की जांच के बाद पहली मंजिल पर अतिरिक्त कक्ष बनाए जा सकेंगे। ऐसी स्थिति में विद्यालय की उच्च कक्षाओं को ऊपर के नए कमरों में स्थानांतरित किया जाएगा और भूतल के खाली कमरों में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित होंगे। निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी, डीपीओ (आईसीडीएस) और कार्यपालक अभियंताओं को आपसी समन्वय बनाने का निर्देश दिया गया है। साथ ही जिला स्तर पर शीघ्र एनओसी जारी करने और निर्माण कार्य को प्राथमिकता देने को कहा गया है। यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप की जा रही है। इसका उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को नजदीकी प्राथमिक विद्यालयों से जोड़ना है, ताकि बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा की बेहतर सुविधा मिले और आंगनबाड़ी से विद्यालय तक उनका संक्रमण आसान हो सके।

Share This Article
Leave a Comment