मशरूम उत्पादन से आत्मनिर्भर बनेंगे तालझारी के किसान, बीज एवं किट का किया गया वितरण

Lok Bimb
2 Min Read

पांच दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले महिला एवं पुरुष किसानों को जिला उद्यान पदाधिकारी ने सौंपे प्रमाण पत्र

फातेह आलम

तालझारी : झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर किसानों को स्वरोजगार से जोड़ने और उनकी आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से उद्यान विकास योजना के तहत तालझारी प्रखंड परिसर में मशरूम उत्पादन को बढ़ावा देने की पहल की गई। इस दौरान जिला उद्यान पदाधिकारी, साहिबगंज रविकांत रजक ने महिला एवं पुरुष किसानों के बीच मशरूम उत्पादन के लिए बीज एवं किट का वितरण किया। साथ ही पांच दिवसीय मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक प्राप्त करने वाले किसानों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। प्रशिक्षण कार्यक्रम में तालझारी प्रखंड के बड़ी भगियामारी गांव के सैकड़ों महिला एवं पुरुष किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पांच दिनों तक चले प्रशिक्षण के दौरान किसानों को मशरूम की खेती करने की विधि, उत्पादन की आधुनिक तकनीक, रखरखाव तथा कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त करने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के महिला एवं पुरुष किसानों को मशरूम उत्पादन के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है। विभाग की इस पहल से किसानों को खेती के साथ अतिरिक्त आय अर्जित करने का अवसर मिलेगा।
मशरूम बीज, किट एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान आत्मा (ATMA) के एटीएम आदर्श कुमार, पौधा संरक्षण केंद्र तालझारी के प्रभारी ओम प्रकाश पंडित सहित दर्जनों महिला एवं पुरुष किसान उपस्थित रहे। इस अवसर पर भैरव, सैलेन कुजूर, दिलीप उरांव, मंजु कुजूर, नेहा कुजूर, राधा रानी एवं सुलोचना कुमारी सहित अन्य किसान मौजूद थे।

Share This Article
Leave a Comment