कार्तिक पूर्णिमा पर मुक्तेश्वर धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, महिलाओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी

Lok Bimb
2 Min Read

गंगा स्नान के बाद तुलसी चौरा और शालिग्राम की पूजा-अर्चना कर मांगा परिवार की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद

फातेह आलम

साहिबगंज : कार्तिक पूर्णिमा एवं बैकुंठ दीपावली के पावन अवसर पर मंगलवार को साहिबगंज स्थित मुक्तेश्वर धाम गंगा घाट पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। अहले सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालु महिलाओं की भीड़ उमड़ने लगी। एक महीने तक कार्तिक स्नान का अनुष्ठान करने वाली महिलाओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। गंगा स्नान के उपरांत महिलाओं ने तुलसी चौरा एवं शालिग्राम की परिक्रमा कर पूजा की। इसके बाद भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान की आराधना की। वहीं, पूरे एक महीने तक कार्तिक माह की कथा सुनाने वाले पुरोहितों को दान-दक्षिणा देकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। श्रद्धालु महिलाओं ने भगवान से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, मंगल और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर पुरोहित प्रमोद पांडेय, संजय उपाध्याय एवं दिनेश मिश्रा सहित दर्जनों पुरोहितों ने श्रद्धालुओं को कार्तिक स्नान के धार्मिक महत्व की जानकारी दी। पुरोहितों ने बताया कि हिंदू धर्म में कार्तिक मास को विशेष पुण्यदायी माना गया है। इस पूरे महीने नियमित रूप से गंगा स्नान, पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन और दान-पुण्य करने की विशेष धार्मिक मान्यता है। पुरोहितों के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन महीने भर चलने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान का समापन होता है। इस दिन श्रद्धालु महिलाएं पूरे महीने की पूजा-अर्चना और गंगा स्नान के उपरांत भगवान से परिवार के कल्याण एवं सुख-शांति का आशीर्वाद मांगती हैं। सुबह से ही मुक्तेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और पूरा गंगा घाट भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।

Share This Article
Leave a Comment