भारतीय शिक्षण मंडल के ध्येय, उद्देश्य और कार्यपद्धति से रूबरू हुए 26 प्रतिभागी
गोपाल विद्यार्थी
पटना / कन्नौज : भारतीय शिक्षण मंडल, फर्रुखाबाद विभाग, कानपुर प्रांत की ओर से 21 एवं 22 नवंबर को राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, कन्नौज में दो दिवसीय परिचायक वर्ग का आयोजन किया गया। इसमें 26 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वर्ग का उद्देश्य भारतीय शिक्षण मंडल के विचार, संगठनात्मक स्वरूप एवं कार्यपद्धति से प्रतिभागियों को परिचित कराना था। कार्यक्रम के प्रथम दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कुटुंब प्रबोधन संयोजक अमरनाथ जी ने कुटुंब व्यवस्था, पारिवारिक मूल्यों तथा सामाजिक जीवन में भारतीय दृष्टिकोण के महत्त्व पर प्रकाश डाला। दूसरे दिन भारतीय शिक्षण मंडल के अखिल भारतीय संयुक्त महामंत्री सुनील शर्मा ने संगठन की संरचना, विभिन्न कार्य विभागों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय संयोजक प्रो. राजीव कुमार उपाध्याय ने शिक्षा में भारतीयता के महत्त्व और भारतीय दृष्टि के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था के पुनर्स्थापन पर विचार रखे। मौके पर राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक प्रो. मनोज कुमार शुक्ला ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत और सम्मान किया। कार्यक्रम का संयोजन फर्रुखाबाद विभाग के विभाग संयोजक डॉ. डी. बी. पात्रो ने किया।सह-संयोजक ऋषभ कश्यप एवं मुकुल सक्सेना रहे। प्रांत टोली के सदस्य प्रभाकर उपाध्याय, शिवम अग्रहरी एवं डॉ. अरुण कुमार सिंह की भी उपस्थिति रही। दो दिवसीय वर्ग में प्रतिभागियों को भारतीय शिक्षण मंडल के ध्येय, उद्देश्यों, वैचारिक आधार, संगठनात्मक संरचना एवं कार्यपद्धति को समझने का अवसर मिला। आयोजन का समापन प्रार्थना एवं कल्याण मंत्र के साथ हुआ।


