नौ प्रमंडलों के 200 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए होगा खिलाड़ियों का चयन
गोपाल विद्यार्थी
पटना : राज्य स्तरीय (अंतर प्रमंडल) विद्यालय साइक्लिंग प्रतियोगिता के दूसरे दिन बालिका वर्ग में तिरहुत प्रमंडल की सृष्टि कुमारी और मगध प्रमंडल की राधा कुमारी ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। सृष्टि ने अंडर-19 की 10 किलोमीटर आईटीटी स्पर्धा, जबकि राधा ने अंडर-17 की 8 किलोमीटर स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया। खेल विभाग, बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन, पटना द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य के सभी नौ प्रमंडलों के करीब 200 बालक-बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।अंडर-19 की 10 किलोमीटर स्पर्धा में सृष्टि कुमारी ने 15 मिनट 9.747 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता। तिरहुत की लकी कुमारी 15 मिनट 43.151 सेकेंड के साथ दूसरे और पटना की अंजलि कुमारी 16 मिनट 7.671 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, अंडर-17 की 8 किलोमीटर स्पर्धा में राधा कुमारी ने 10 मिनट 37.612 सेकेंड में रेस पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया। मगध की रजनी कुमारी दूसरे, सारण की स्विट तीसरे और कोशी की पूजा कुमारी चौथे स्थान पर रहीं।जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अनुशासन, धैर्य और खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य टीम के लिए किया जाएगा, जो आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे।प्रतियोगिता की शेष स्पर्धाएं 25 नवंबर को सुबह छह बजे से आयोजित होंगी। इसके बाद पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।


