उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने तीन दिवसीय सेमिनार का किया उद्घाटन, देशभर के शिक्षाविद् और शोधार्थी प्रस्तुत करेंगे शोधपत्र
गोपाल विद्यार्थी
पटना : बिहार की ऐतिहासिक विरासत, अभिलेखों, पर्यावरण, समाज और सांस्कृतिक परंपराओं पर केंद्रित तीन दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार बुधवार को शुरू हुआ। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अंतर्गत बिहार राज्य अभिलेखागार निदेशालय की ओर से 25 से 27 नवंबर तक आयोजित इस सेमिनार का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने किया। इसका विषय ‘इतिहास में बिहार : अभिलेख, पर्यावरण, समाज और सांस्कृतिक परंपराएं—राजगृह से राजभवन तक’ रखा गया है। उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इतिहास की समझ और शोध के लिए अभिलेख महत्वपूर्ण आधार हैं। मौर्यकालीन शिलालेख आज भी ऐतिहासिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक अध्ययन के प्रमाण हैं। अब अभिलेखों के संरक्षण और उपयोग में डिजिटल माध्यमों की भूमिका भी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इतिहास और भूगोल एक-दूसरे को प्रभावित करते हैं। ऐसे अकादमिक आयोजनों से राज्य के युवाओं और शोधार्थियों को लाभ मिलेगा। अपर मुख्य सचिव अरविन्द कुमार चौधरी ने कहा कि आज के दस्तावेज भविष्य की ऐतिहासिक धरोहर हैं। इनके संरक्षण से आने वाली पीढ़ियों को अतीत की घटनाओं, उपलब्धियों और अनुभवों को समझने का अवसर मिलता है। वहीं, राजस्व परिषद की अध्यक्ष-सह-सदस्य हरजोत कौर बम्हरा ने कहा कि ऐतिहासिक घटनाओं और दस्तावेजों का संरक्षण अभिलेखागार का महत्वपूर्ण दायित्व है। इतिहास की गलतियों से सीख लेकर भविष्य की दिशा तय की जा सकती है। सेमिनार में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षाविद् एवं शोधार्थी अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे। आयोजन का उद्देश्य बिहार की ऐतिहासिक, प्रशासनिक और सांस्कृतिक उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित करने के साथ नई पीढ़ी को इतिहास लेखन एवं अभिलेख संरक्षण से जोड़ना है। कार्यक्रम में अभिलेख निदेशक डॉ. मो. फैसल अब्दुल्लाह ने अतिथियों का स्वागत किया। धन्यवाद ज्ञापन विशेष सचिव अरविन्द कुमार वर्मा ने किया, जबकि मंच संचालन डॉ. भारती शर्मा ने किया।


