ग्रामीण युवाओं में तकनीकी शिक्षा के प्रति जागरूकता जरूरी

Lok Bimb
2 Min Read

एफडीडीआई में करियर की संभावनाओं से रूबरू हुए विद्यार्थी

गोपाल विद्यार्थी

बिक्रम : वर्तमान समय में तकनीक तेजी से विकसित हो रही है। भारत भी तकनीकी क्षेत्र में विकसित देशों के साथ कदमताल कर रहा है। ऐसे में ग्रामीण युवाओं को तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास के प्रति जागरूक करना जरूरी है। उक्त बातें बिक्रम स्थित एम्बिशस कोचिंग  संस्थान में एफडीडीआई पटना की ओर से आए ओम हरि त्रिवेदी एवं शैलेन्द्र कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहीं।उन्होंने कहा कि फैशन डिजाइनिंग, फुटवियर निर्माण तकनीक एवं प्रबंधन और रिटेल मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए करियर की व्यापक संभावनाएं हैं। इन क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा अपनी प्रतिभा और कौशल के बल पर रोजगार हासिल करने के साथ-साथ स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ सकते हैं। इस दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों, प्रशिक्षण एवं करियर निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। मौके पर एम्बिशस संस्थान के निदेशक नन्हें मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बल्कि जरूरत उन्हें सही दिशा, तकनीकी ज्ञान और अवसर उपलब्ध कराने की है। आज केवल पारंपरिक शिक्षा तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है। युवाओं को रोजगारपरक तकनीकी शिक्षा और व्यावहारिक कौशल से जोड़ना समय की मांग है। तकनीकी रूप से दक्ष युवा न केवल आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप नए तकनीकी क्षेत्रों की जानकारी प्राप्त कर भविष्य के लिए अभी से तैयारी करनी चाहिए। मौके पर संस्थान के फाउंडर जनेश्वर सिंह, अतुल उपाध्याय, ओमप्रकाश, गणेश कुमार, आर. तिवारी, अरविंद कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Share This Article
Leave a Comment