प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के नेतृत्व की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान, 2037 तक समृद्ध बिहार बनाने का लक्ष्य
गोपाल विद्यार्थी
पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक सुनिश्चित करने के लिए 1 से 25 दिसंबर तक ‘सेवा दूत अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान सेवा दूत घर-घर जाकर लोगों से संवाद करेंगे और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेंगे। मुख्यमंत्री बुधवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यालय के अटल सभागार में आयोजित सेवा दूत एवं विधानसभा समन्वय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य निर्धारित किया है। वहीं, बिहार सरकार ने वर्ष 2037 तक राज्य को समृद्ध बनाने का संकल्प लिया है। केंद्र और राज्य सरकार विकास एवं सुशासन के माध्यम से इस दिशा में आगे बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवास निर्माण, जीर्णोद्धार और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प’ अभियान के तहत लगभग 22 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बिहार में 65 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 43 लाख आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं। राज्य के 1.92 करोड़ घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है, जिस पर लगभग 23 हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी खर्च की जा रही है। वहीं, 1.09 करोड़ वृद्ध, दिव्यांग और विधवा लाभार्थियों को प्रत्येक महीने 1100 रुपये पेंशन दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में औद्योगिक विकास को भी गति दी जा रही है। बक्सर में कोका-कोला बॉटलिंग संयंत्र और सीमेंट कारखाना स्थापित किया गया है। नवादा, बांका, किशनगंज, मधुबनी और मुजफ्फरपुर में भी सीमेंट कारखाने स्थापित करने की दिशा में काम चल रहा है। वर्तमान में राज्य में लगभग 10 हजार मेगावाट बिजली की खपत है, जबकि वर्ष 2030 तक 30 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा दूत अभियान के तहत कार्यकर्ता लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे और यह पता लगाएंगे कि पात्र लाभार्थियों को उनका लाभ मिल रहा है या नहीं। जनता की समस्याओं, सुझावों और योजनाओं से जुड़े फीडबैक को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के सभी वर्गों को जोड़ने, संगठन को मजबूत बनाने और जनता का विश्वास जीतने का आह्वान किया। उल्लेखनीय है कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई जाती है।


