बिहार के सभी सरकारी विद्यालयों में मनाया गया संविधान दिवस, विद्यार्थियों ने किया प्रस्तावना का सामूहिक पाठ

Lok Bimb
2 Min Read

राष्ट्रगान से पहले हुआ संविधान की प्रस्तावना का वाचन, पोस्टर-ड्राइंग और क्विज प्रतियोगिताओं के जरिए बच्चों को किया गया जागरूक

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालयों में सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान राष्ट्रगान से पहले विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, उसके मूल सिद्धांतों और संवैधानिक मूल्यों से परिचित कराना था।इस दौरान विद्यार्थियों को संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के योगदान पर पांच-पांच मिनट बोलने का अवसर दिया गया। शिक्षकों ने बच्चों को भारतीय संविधान की विशेषताओं, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी।मध्याह्न भोजन के बाद एक पीरियड में सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों के बीच पोस्टर, ड्राइंग और कोलाज बनाने की गतिविधियां आयोजित की गईं। वहीं, पुस्तकालय अवधि में संविधान के मूल सिद्धांतों पर आधारित क्विज प्रतियोगिता कराई गई। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने अधिकारियों एवं विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को राज्यभर में व्यापक स्तर पर संविधान दिवस मनाने का निर्देश दिया था। इसी के तहत सभी सरकारी विद्यालयों में निर्धारित गतिविधियों का आयोजन किया गया।

Share This Article
Leave a Comment