आईआईटीएफ-2026 में राजस्थान पवेलियन को उत्कृष्ट सहभागिता सम्मान, फूड कैटेगरी में मिला गोल्ड अवॉर्ड

Lok Bimb
2 Min Read

नई दिल्ली । 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ-2026) में राजस्थान पवेलियन को पार्टनर स्टेट श्रेणी में ‘Award of Honorable Participation’ से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही राजस्थान को फूड कैटेगरी में गोल्ड अवॉर्ड भी मिला। यह सम्मान प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उत्पादों और आकर्षक प्रस्तुति के लिए प्रदान किया गया। राजस्थान लगातार दूसरे वर्ष आईआईटीएफ में पार्टनर स्टेट के रूप में शामिल हुआ। इस वर्ष ‘विकास और विरासत’ की थीम पर तैयार पवेलियन में प्रदेश की पारंपरिक कलाओं, हस्तशिल्प, हथकरघा, आभूषण, वस्त्र, फर्नीचर और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। पवेलियन के निदेशक हर्ष शर्मा ने बताया कि यहां कुल 44 स्टॉल लगाए गए, जिनमें प्रदेश के कारीगरों, उद्यमियों और उत्पादकों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिला। इसके अलावा, 7 लाइव डेमो के माध्यम से राजस्थान की पारंपरिक शिल्पकलाओं और कारीगरी को भी प्रदर्शित किया गया। पवेलियन के प्रमुख आकर्षणों में ODOP (One District One Product) एक्सपीरियंस वॉल और GI टैग वॉल शामिल रहे। ODOP वॉल पर राजस्थान के सभी 41 जिलों के विशिष्ट उत्पादों को प्रदर्शित किया गया, जबकि GI टैग वॉल के माध्यम से प्रदेश के भौगोलिक संकेतक प्राप्त उत्पादों और पारंपरिक शिल्पों को दर्शाया गया। हर्ष शर्मा ने बताया कि 26 नवंबर तक चार लाख से अधिक आगंतुक राजस्थान पवेलियन का अवलोकन कर चुके हैं। इनमें देशभर से आए आगंतुकों, व्यापारियों, उद्यमियों, विदेशी प्रतिनिधियों और विभिन्न राज्यों के विशिष्ट अतिथियों ने राजस्थान के उत्पादों, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में विशेष रुचि दिखाई। राजस्थान पवेलियन को मिले दोनों पुरस्कारों में राज्य सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, राजस्थान लघु उद्योग निगम (RAJSICO), आयोजन से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों, प्रतिभागी उद्यमियों, कारीगरों और स्टॉल संचालकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Share This Article
Leave a Comment