चौथे कृषि रोड मैप के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने पर जोर, विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने का निर्देश

Lok Bimb
2 Min Read

प्राकृतिक खेती, जैविक कॉरिडोर और उद्यानिकी के विस्तार पर विशेष फोकस, मछली-मांस के आधुनिक बिक्री केंद्र विकसित करने की पहल

गोपाल विद्यार्थी

पटना :- बिहार में कृषि क्षेत्र के समग्र विकास और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से चतुर्थ कृषि रोड मैप (2023-28) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को कृषि भवन, मीठापुर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कृषि उत्पादन आयुक्त अरविंद कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया। बैठक में बाजार समितियों के विकास एवं आधुनिकीकरण, जैविक कॉरिडोर के विस्तार, उद्यानिक फसलों के उत्पादन और कृषि वानिकी को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। कृषि उत्पादन आयुक्त ने प्राकृतिक खेती के विस्तार और किसानों को इसके प्रति प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया। साथ ही मछली एवं मांस की स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण बिक्री के लिए आधुनिक बिक्री केंद्र विकसित करने तथा अंडा उत्पादन की क्षमता बढ़ाकर बिहार को इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि कृषि रोड मैप के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि योजनाओं का लाभ किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े लोगों तक पहुंच सके। बैठक में कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक, कृषि विभाग के विशेष सचिव डॉ. बीरेंद्र प्रसाद यादव, कृषि निदेशक मुकेश कुमार लाल, अपर सचिव अमित कुमार पांडेय तथा उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।

प्रमुख बातें

* बाजार समितियों के आधुनिकीकरण और जैविक कॉरिडोर के विस्तार पर जोर।
* प्राकृतिक खेती, उद्यानिकी और कृषि वानिकी को मिलेगा बढ़ावा।
* मछली-मांस के आधुनिक बिक्री केंद्र और अंडा उत्पादन क्षमता बढ़ाने की पहल।

Share This Article
Leave a Comment