गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से प्रशासन अलर्ट,आपातकालीन संचालन केंद्र का नंबर जारी

Lok Bimb
4 Min Read

मुंगेर : गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि तथा संभावित बाढ़ एवं कटाव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पाणीकर द्वारा आज अपर समाहर्त्ता, आपदा प्रबंधन, प्रभारी पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन, मुंगेर सहित सभी अनुमंडल पदाधिकारी, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल भागलपुर एवं बेगूसराय के कार्यपालक अभियंताओं, सिविल सर्जन, जिला पशुपालन पदाधिकारी, संबंधित प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों एवं प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल मोड में समीक्षा बैठक की गई।
बैठक में संभावित बाढ़ आपदा से उत्पन्न परिस्थितियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने तथा बाढ़ एवं कटाव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी संबंधित पदाधिकारी मुख्यालय में बने रहें, अपने मोबाइल फोन 24×7 ऑन रखें तथा बिना पूर्वानुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ें। साथ ही, गंगा नदी के जलस्तर एवं कटाव की स्थिति की निरंतर निगरानी करते हुए आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। सिविल सर्जन, मुंगेर को चिन्हित राहत शिविरों में मेडिकल टीम, मेडिकल कैंप तथा पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, सभी अंचलाधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने को कहा गया।
कुतलुपुर में हो रहे कटाव की प्राप्त शिकायत के आलोक में जिलाधिकारी ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, बेगूसराय को यथाशीघ्र कटाव निरोधक कार्य कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा सभी अंचलाधिकारियों को पॉलीथिन शीट्स की आवश्यकता का आकलन कर अधियाचना भेजने को कहा गया। बरियारपुर अंचलाधिकारी द्वारा बताया गया कि बरियारपुर अंचल अंतर्गत मुरला मुशहरी एवं लालजी टोला में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। जलस्तर में लगातार वृद्धि होने की स्थिति में अनुमंडल पदाधिकारी की अनुमति के उपरांत आवश्यकतानुसार नाव का परिचालन कराने का निर्देश दिया गया।
समीक्षा के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, तारापुर द्वारा बताया गया कि बाढ़ की स्थिति में पशुचारा के आसपास के क्षेत्रों में भंडारित नहीं होने के कारण अप्रत्याशित विलंब की स्थिति उत्पन्न होती है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पशुपालन पदाधिकारी, मुंगेर को निर्देश दिया कि संभावित रूप से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों का आकलन कर नजदीकी सुरक्षित स्थानों पर पर्याप्त मात्रा में पशुचारा का भंडारण पूर्व से सुनिश्चित करें। बरियारपुर अंचल अंतर्गत हरिणमार एवं झौवाबहियार में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। इन दोनों स्थलों पर पूर्व से ही स्थल का चयन कर सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने तथा एसडीआरएफ टीम के आवासन हेतु भी उपयुक्त स्थल का चयन करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि संभावित बाढ़ की स्थिति में जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
किसी भी आपात स्थिति में जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, मुंगेर के निम्न दूरभाष नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है: 06344-299961, 06344-299963, 06344-299964, 06344-299965 एवं मोबाइल नंबर 9122765702।

Share This Article
Leave a Comment