राजभाषा पखवाड़ा 2026 में हिंदी भाषण प्रतियोगिता और काव्य गोष्ठी आयोजित

Lok Bimb
3 Min Read

हाजीपुर: नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), हाजीपुर द्वारा राजभाषा पखवाड़ा 2026 के तहत हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं और साहित्यिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। राजभाषा पखवाड़ा 2 से 22 सितंबर तक मनाया जा रहा है।

इसी क्रम में 22 सितंबर को हिंदी भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भाग लिया। इसके लिए समिति से जुड़े सभी 22 कार्यालयों को सूचना दी गई थी। प्रतियोगिता के लिए ‘डिजिटल क्रांति के दौर में राजभाषा’ तथा ‘पुस्तक बनाम सोशल मीडिया’ विषय निर्धारित किए गए थे।

राजभाषा के उप महाप्रबंधक केशव त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम राजभाषा के प्रचार-प्रसार के साथ कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में आयकर अधिकारी, हाजीपुर, वैशाली संदीप कुमार रोशन तथा यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के वरिष्ठ प्रबंधक संतोष कुमार शामिल थे। संदीप कुमार रोशन ने हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग और हिंदी वाक्य-विन्यास तथा वर्तनी की शुद्धता पर जोर दिया। संतोष कुमार ने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए नियमित रूप से पुस्तकों के अध्ययन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार शरीर के लिए भोजन आवश्यक है, उसी प्रकार मानसिक विकास के लिए अध्ययन जरूरी है।

प्रतियोगिता में अध्यक्ष कार्यालय की रिंकी कुमारी ने प्रथम, अधीक्षक डाकघर कार्यालय के आलोक रंजन ने द्वितीय तथा अध्यक्ष कार्यालय के नवीन कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। एनआईपीईआर के नंदन दास को सांत्वना एवं प्रेरणा पुरस्कार प्रदान किया गया।

इससे पहले 21 सितंबर को काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता केशव त्रिपाठी ने की। उन्होंने कहा कि हिंदी के विकास के लिए रचनात्मक वातावरण का निर्माण आवश्यक है।

काव्य गोष्ठी में मनीष कुमार, सुरेंद्र कुमार, धर्मेंद्र कुमार, मोहम्मद सलीम अख्तर अंसारी, महादेव मंडल और अरविंद कुमार झा सहित कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। गोष्ठी की अध्यक्षता चर्चित कवि विजय कुमार विनीत ने की। कवियों ने हास्य-व्यंग्य के साथ-साथ गंभीर और संवेदनशील विषयों पर भी रचनाएं प्रस्तुत कीं। विजय कुमार विनीत ने भाषा से लेकर इतिहास तक विभिन्न विषयों को समेटती संवेदनशील कविताओं का पाठ किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। वरिष्ठ अनुवादक राजकिशोर सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि वरिष्ठ अनुवादक राजीव रंजन सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Share This Article
Leave a Comment