केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को मातृ शोक, माता काशी बाई का निधन, छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जताया शोक

Lok Bimb
2 Min Read

नई दिल्ली । केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की पूज्य माता श्रीमती काशी बाई जी का आज सुबह भोपाल एम्स में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थीं और पिछले एक सप्ताह से एम्स में भर्ती थीं, जहां वेंटिलेटर सपोर्ट पर उनका इलाज चल रहा था। काशी बाई लगभग 76 वर्ष की थीं। उनके निधन के बाद शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। उनका पार्थिव शरीर आज सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक भोपाल के साकेत नगर स्थित आवास 9-बी पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इसके बाद पार्थिव देह को उनके पैतृक गांव जैत, जिला सीहोर ले जाया जाएगा, जहां दोपहर 3 बजे नर्मदा तट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने X पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान जी की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। माँ का स्नेह और आशीर्वाद जीवन का सबसे बड़ा संबल होता है, उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। बता दें कि शिवराज सिंह की सगी मां सुंदरबाई का निधन बचपन में ही हो गया था, जिसके बाद पिता प्रेम सिंह ने काशी बाई से विवाह किया था, जिन्होंने परिवार को संभाला।

Share This Article
Leave a Comment