राजधानी दिल्ली की हवा में हो रहे सुधार को देखते हुए CAQM ने ग्रैप 2 की पाबंदियों के बाद सोमवार को ग्रैप 1 की पाबंदियां भी हटा दी हैं।
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में पिछले कई महीनों की प्रदूषण की चिंताजनक स्थिति के बाद दिल्लीवालों के लिए अच्छी खबर है। दिल्ली एनसीआर की आबोहवा में सुधार होने के बाद अब वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने ग्रेप 1 की सारी पाबंदियां हटा दी हैं। आपको बता दें कि 14 अक्टूबर 2025 को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने GRAP 1 को लागू किया था जिसको अब इमीडिएट इफेक्ट के साथ दिल्ली-NCR से हटाया गया है।
एक्यूआई में सुधार के बाद सीएक्यूएम का फैसला
CAQM ने इससे पहले 18 फरवरी को प्रदूषण के स्तर में लगातार हो रहे सुधार को देखते हुए ग्रैप 2 की पाबंदियां हटा दी थीं। राजधानी दिल्ली में रविवार को हुई हल्की बारिश न सिर्फ लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी बल्कि दिल्ली में एक्यूआई पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला। इसके परिणामस्वरूप सोमवार को एयर क्वालिटी में काफी सुधार देखने को मिला जिसके बाद एक्यूआई संतोषजनक श्रेणी में दर्ज किया गया।
क्या होती हैं एक्यूआई की सभी श्रेणी
आपको बता दें कि वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) जीरो से 50 के बीच होता है तो अच्छा कहा जाता है। 51 से 100 के बीच एक्यूआई दर्ज होता है तो संतोषजनक, 101 से 200 को मध्यम श्रेणी होती है। वहीं अगर एक्यूआई 201 से 300 के बीच रहता है तो उसे खराब श्रेणी, 301 से 400 के बीच बहुत खराब जबकि 401 से 500 के बीच एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।


