उपायुक्त और एसपी की संयुक्त प्रेसवार्ता, एक सप्ताह में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

Lok Bimb
2 Min Read
upayukt aur sp ki sanyukt presswarta, ek saptah mein 10 lakh se adhik shraddhaluon ne kiya jalarpan

देवघर : देवघर में राजकीय श्रावणी मेला के आठवें दिन देवघर उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त और नगर आयुक्त ने संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता कर मेले की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आठ दिनों में बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 10 लाख के पार पहुंच चुकी है। पहली सोमवारी को अनुमान से कहीं अधिक भीड़ उमड़ी, जिससे व्यवस्थाओं का वास्तविक आकलन करने का अवसर मिला। प्रशासन ने कहा कि अब उसी अनुभव के आधार पर आगे की तैयारियों को और मजबूत किया जा रहा है। उपायुक्त ने बताया कि पहली सोमवारी को तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया। उम्मीद से अधिक भीड़ के बावजूद प्रशासन ने व्यवस्थाओं को संभाला और अब जो भी छोटी-मोटी कमियां सामने आई हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित दर्शन कराना है।वहीं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मेला क्षेत्र में होने वाली छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मियों की विशेष टीम तैनात की गई है, जो विभिन्न स्थानों पर लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस का प्रत्येक जवान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।पुलिस अधीक्षक ने जानकारी दी कि इस वर्ष अनुमान से कहीं अधिक भीड़ पहुंच रही है। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ है। मेले की निगरानी के लिए 3 आईपीएस अधिकारी, 46 डीएसपी और 10 हजार से अधिक पुलिस बल तैनात हैं, जो 24 घंटे श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं।

Share This Article
Leave a Comment