तालझारी के जंगल में मिला मानव कंकाल, कपड़ों से हुई इतवारी मालतो के रूप में पहचान

Lok Bimb
2 Min Read
taljhari ke jungle mein mila manav kankal, kapdon se hui itwari malato ke roop mein pehchan

फातेह आलम तालझारी

तालझारी : तालझारी थाना क्षेत्र के रक्सी स्थान स्थित जंगल से एक मानव कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने जंगल में कंकाल देख इसकी सूचना तत्काल तालझारी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, साहिबगंज भेज दिया। परिजनों के अनुसार, कंकाल की पहचान कपड़ों के आधार पर भतभंगा पंचायत के झिरकडांगा पहाड़ निवासी इतवारी मालतो के रूप में की गई है। मृतक के पुत्र थोमस पहाड़िया तथा गोतियारा भाई मोसेस पहाड़िया ने थाना पहुंचकर बताया कि इतवारी मालतो 15 जून को वृंदावन में लगने वाली साप्ताहिक हाट जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने बताया कि काफी दिनों तक उन्होंने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को रक्सी स्थान के जंगल में तलाश के दौरान उन्हें मानव कंकाल दिखाई दिया। पास जाकर कपड़ों को देखने पर उन्होंने उसे इतवारी मालतो का होने की आशंका जताई और इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही तालझारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। थाना प्रभारी नितेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि जंगल से एक मानव कंकाल बरामद हुआ है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने कहा कि कपड़ों के आधार पर परिजनों ने कंकाल की पहचान इतवारी मालतो के रूप में की है, जिसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

Share This Article
Leave a Comment