राजमहल अनुमंडल अस्पताल में फाइलेरिया प्रभावित दिव्यांगजनों को मिली ट्राइसाइकिल, आत्मनिर्भर जीवन की ओर बढ़ा कदम

Lok Bimb
2 Min Read

फातेह आलम तालझारी

राजमहल : राजमहल अनुमंडल अस्पताल में फाइलेरिया (हाथीपांव) से प्रभावित दिव्यांगजनों के जीवन को आसान और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शुक्रवार को राजमहल अनुमंडल अस्पताल में ट्राइसाइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान चलने-फिरने में असमर्थ लाभार्थियों के बीच ट्राइसाइकिल का वितरण किया गया, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों से काफी राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में राजमहल विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने लाभार्थियों को ट्राइसाइकिल सौंपते हुए कहा कि समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर राजमहल सीएचसी के उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू, बीपीएम अमित कुमार, केटीएस डेनियल किस्कू, मनीष, पिरामल फाउंडेशन के सीनियर प्रोग्राम लीड श्रवण कुमार झा, प्रोग्राम मैनेजर ऐमन दास, प्रोग्राम ऑफिसर श्रीकांत पंडित सहित स्वास्थ्य विभाग एवं पिरामल फाउंडेशन के कई अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि फाइलेरिया केवल एक बीमारी नहीं, बल्कि समय पर उपचार नहीं मिलने पर यह व्यक्ति के जीवन की गुणवत्ता को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती है। ऐसे में बीमारी की रोकथाम और समय पर इलाज बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से सामूहिक दवा सेवन (एमडीए) अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जाने वाली फाइलेरिया रोधी दवाओं का अनिवार्य रूप से सेवन करने की अपील की। स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों को मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए घर एवं आसपास साफ-सफाई रखने, जलभराव नहीं होने देने तथा नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही बताया कि यदि किसी व्यक्ति के हाथ, पैर या अंडकोष में असामान्य सूजन दिखाई दे तो बिना विलंब नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच एवं उपचार कराना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों ने “फाइलेरिया मुक्त साहिबगंज” के निर्माण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।

Share This Article
Leave a Comment