स्वतंत्रता दिवस को लेकर सिदो-कान्हू स्टेडियम में परेड का पूर्वाभ्यास शुरू

Lok Bimb
2 Min Read

फातेह आलम तालझारी

साहिबगंज : स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत साहिबगंज के मुख्य समारोह स्थल सिदो-कान्हू स्टेडियम में रविवार से परेड का पूर्वाभ्यास शुरू हो गया। सार्जेंट मेजर के नेतृत्व में विभिन्न सुरक्षा बलों, विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के कैडेटों और छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक परेड का अभ्यास किया। पूर्वाभ्यास में जिला सशस्त्र बल की एक प्लाटून, जैप-09 की एक प्लाटून, गृह रक्षा वाहिनी की एक प्लाटून, एनसीसी की एक प्लाटून तथा गर्ल्स गाइड की सीनियर एवं जूनियर वर्ग की एक-एक प्लाटून ने हिस्सा लिया। इसके अलावा चौकीदार पुरुष एवं महिला की एक-एक टुकड़ी भी परेड अभ्यास में शामिल हुई। विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों की टुकड़ियों ने भी परेड का पूर्वाभ्यास किया। इनमें साहिबगंज कॉलेज, राजस्थान इंटर विद्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं सेंट्रल स्कूल तथा संत जेवियर्स स्कूल के 25-25 विद्यार्थियों की टुकड़ियां शामिल रहीं। परेड के दौरान जवानों एवं विद्यार्थियों ने कदमताल, अनुशासन और परेड की विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास किया। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को लेकर स्टेडियम में तैयारियों को अंतिम रूप देने का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
बताया गया कि 13 अगस्त को परेड का अंतिम रिहर्सल (फाइनल रिहर्सल) आयोजित किया जाएगा। इसमें उपायुक्त (डीसी), पुलिस अधीक्षक (एसपी) समेत जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहेंगे और स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों एवं परेड का जायजा लेंगे।

Share This Article
Leave a Comment