राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर बैंक एवं वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों के साथ बैठक

Lok Bimb
4 Min Read

फातेह आलम तालझारी

साहिबगंज : आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज की ओर से जिले के विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज अखिल कुमार के मार्गदर्शन में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने की। बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक बैंकिंग एवं वित्तीय मामलों का आपसी समझौते के आधार पर त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव विश्वनाथ भगत ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने संस्थानों में लंबित मामलों को चिह्नित करें तथा संबंधित पक्षकारों को लोक अदालत के माध्यम से मामलों के निष्पादन के लिए प्रेरित करते हुए आवश्यक सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से बैंक ऋण, एनआई एक्ट के तहत चेक अनादरण, धन वसूली, बिजली एवं पानी बिल, भरण-पोषण, श्रम विवाद, आपराधिक शमनीय अपराध, मोटर दुर्घटना, वैवाहिक विवाद, भूमि अधिग्रहण, उपभोक्ता एवं बीमा विवाद सहित अन्य समझौता योग्य मामलों का निपटारा आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण तरीके से किया जाएगा। इसके अलावा प्री-लिटिगेशन मामलों का भी समाधान लोक अदालत के माध्यम से कराया जा सकता है। बैठक में बताया गया कि लोक अदालत के जरिए मामलों के निष्पादन से पक्षकारों को समय और धन दोनों की बचत होती है तथा उन्हें त्वरित एवं सरल न्याय प्राप्त होता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा विभिन्न न्यायालयों में लंबित समझौता योग्य मामलों की पहचान कर संबंधित पक्षकारों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। वहीं, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभों की जानकारी दी जा रही है। मामलों के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए मध्यस्थों एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स (न्याय मित्रों) का भी सहयोग लिया जा रहा है।
सचिव ने संबंधित विभागों एवं संस्थानों से अपील की कि राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए अधिकाधिक लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों को चिह्नित कर उनके शीघ्र निष्पादन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करें। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि वे 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में भाग लेकर अपने समझौता योग्य मामलों का सरल, सुलभ एवं त्वरित समाधान प्राप्त करें। प्री-लिटिगेशन एवं न्यायालय में लंबित मामलों के निष्पादन के इच्छुक पक्षकार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज अथवा अनुमंडल विधिक सेवा समिति, राजमहल में आवेदन कर सकते हैं। सहायता एवं आवश्यक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9471521725 अथवा ईमेल dlsasahibganj@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है। बैठक में अग्रणी बैंक प्रबंधक प्रदीप कुमार झा दीपक, भारतीय स्टेट बैंक के प्रतिनिधि शुभम दास, बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक अक्षय अंशु, बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक मो. रुस्तम अंसारी, इंडियन ओवरसीज बैंक के प्रबंधक लवनिश कुमार, पंजाब नेशनल बैंक के प्रबंधक सुमन हांसदा सहित विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment