सोनू कुमार सिंह
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस रिमांड पर लिए गए भाकपा माओवादी के तीन बड़े कैडरों द्वारा बताए गए ठिकानों पर छापेमारी कर कुचाई और चाण्डिल के जंगली इलाके से भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और विस्फोटक बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान सब जोनल कमेटी मेंबर रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार (28), रीजनल कमेटी मेंबर मदन महतो उर्फ चरण महतो (54) और सब जोनल कमांडर मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया (26) के रूप में हुई है। पूछताछ में मिले इनपुट के बाद झारखंड पुलिस, खूँटी की 209 कोबरा बटालियन और राँची की 26वीं वाहिनी एसएसबी ने मिलकर ज्वाइंट सर्च ऑपरेशन चलाया था।
इस अभियान के तहत कुचाई थाना क्षेत्र के सिकरम्बा जंगल और चाण्डिल थाना क्षेत्र के आसनबनी स्थित दलमा जंगल के ऊपर बने गुप्त ठिकानों से हथियारों को बरामद किया गया।
बरामदगी का विवरण
हथियार: 2 .303 राइफल, एक 5.56 MM इन्सास राइफल, एक 7.62 MM SLR राइफल और 2 देसी पिस्टल।
गोला-बारूद: 7.62 MM के 171 जिंदा कारतूस, 5.56 MM के 126 जिंदा कारतूस, 9 MM के 12 कारतूस, साथ ही 10 मैगजीन और 8 चार्जर।
विस्फोटक: 1 IED और 2 डेटोनेटर मिले, जिन्हें BDS टीम ने प्रोटोकॉल के तहत मौके पर ही नष्ट कर दिया।
यह संयुक्त कार्रवाई एसपी मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर की गई। ऑपरेशन में एसडीपीओ सरायकेला अनुभव भारद्वाज, एसडीपीओ चाण्डिल शिव प्रकाश कुमार, एसएसबी के उप समादेष्टा शक्ति सिंह, कोबरा के सहायक समादेष्टा विपुल राज के अलावा काण्ड्रा, चाण्डिल, नीमडीह, सरायकेला, खरसावाँ, कुचाई, चौका और गम्हरिया थाना की पुलिस टीम मौजूद रही।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय माओवादी नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुंचा है।


