ओबरा छिनतई कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कोड़ा गैंग के सदस्य के घर से 2.90 लाख बरामद

Lok Bimb
2 Min Read

औरंगाबाद : ओबरा थाना क्षेत्र में महिला से तीन लाख रुपये की छिनतई के मामले में औरंगाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 लाख 90 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने यह रकम कुख्यात कोड़ा गैंग से जुड़े बताए जा रहे एक अपराधी के कटिहार जिले स्थित घर पर छापेमारी के दौरान बरामद की। हालांकि, छापेमारी के दौरान आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सका। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 19 अगस्त को एक महिला ओबरा स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से तीन लाख रुपये निकालकर जा रही थी। कारा मोड़ के आगे पहुंचने पर बाइक सवार दो अपराधियों ने महिला का रुपयों से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद महिला के आवेदन पर ओबरा थाना में कांड संख्या 341/26, दिनांक 19 अगस्त 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने दाउदनगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को छिनतई की वारदात में शामिल एक अपराधी की पहचान कुख्यात कोड़ा गैंग के सदस्य के रूप में होने की जानकारी मिली।
इसके बाद विशेष टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी और छिनतई की रकम की बरामदगी के लिए कटिहार जिले के कोड़ा क्षेत्र स्थित उसके घर पर छापेमारी की। पुलिस को घर से 2,90,000 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। बरामदगी : 2 लाख 90 हजार रुपये नकद।

Share This Article
Leave a Comment