पाकुड़। नगर परिषद बोर्ड की सामान्य बैठक शनिवार को नगर परिषद सभागार में अध्यक्ष शबरी पाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उपाध्यक्ष राणा ओझा एवं कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी की उपस्थिति में नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से जुड़े जनहित एवं विकास के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कुल 19 वार्ड पार्षदों ने भाग लिया,जबकि शारीरिक अस्वस्थता के कारण दो पार्षद अनुपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत पिछली बोर्ड बैठक में पारित प्रस्तावों के क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा के साथ हुई। इसके बाद बैठक के निर्धारित एजेंडों पर चर्चा शुरू की गई। चर्चा शुरू होते ही पांच वार्ड पार्षद किरण लाल कापड़ी, रूपाली सरकार, भीम सिंह चंद्रवंशी, असलम अंसारी एवं आलमगीर आलम ने बैठक का बहिष्कार करते हुए सभागार से प्रस्थान कर गए। बैठक में उपस्थित पार्षदों ने नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में जनहित से संबंधित विकास योजनाओं पर चर्चा की। चर्चा के उपरांत कई योजनाओं को बहुमत से पारित किया गया। वार्ड संख्या 8 में यूरिनल निर्माण,वार्ड संख्या 20 एवं 21 में सड़क-सह-नाली निर्माण तथा वार्ड संख्या 7, 11, 20 एवं 21 में बोरिंग कराने की योजना को मंजूरी दी गई। वार्ड संख्या 11 में पथ निर्माण के साथ नगर क्षेत्र में अतिरिक्त बिजली मिस्त्री की व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी। इसी क्रम में वार्ड संख्या 19 के कालिकापुर में दुर्गा माता मंदिर के समीप नाली के जीर्णोद्धार का निर्णय लिया गया। स्थान सीमांकन के लिए अंचल अधिकारी को पत्र भेजने पर भी सहमति बनी। वार्ड संख्या 5 में छठ घाट एवं मुखाग्नि स्थल निर्माण तथा मार्केट कॉम्प्लेक्स-सह-विवाह भवन निर्माण की योजना को स्वीकृति प्रदान की गई।वीर कुंवर सिंह भवन परिसर में मार्केट कॉम्प्लेक्स निर्माण के प्रस्ताव को विभागीय स्वीकृति के लिए भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक में 16वें वित्त आयोग की राशि से नगर परिषद के सभी 21 वार्डों में जनकल्याणकारी योजनाओं को स्वीकृति प्रदान किए जाने पर भी सहमति बनी। हालांकि, बैठक का बहिष्कार करने वाले पार्षदों के वार्ड संख्या 3, 4, 12, 13 एवं 17 से संबंधित किसी भी जनकल्याणकारी योजना पर चर्चा नहीं हो सकी और न ही इन वार्डों की कोई योजना बोर्ड से पारित हो पाई। बैठक को संबोधित करते हुए नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा ने कहा कि पाकुड़ नगर परिषद क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए नगर परिषद पूरी तरह कटिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के साथ-साथ स्वच्छता, सड़क, नाली, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा और नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बोर्ड स्तर पर लगातार प्रयास किया जाएगा। बैठक में वार्ड पार्षद निभा देवी, तनु दास, राखी सरदारिन, पूनम देवी, चेनू बीवी, राबिया बीवी, अनिकेत गोस्वामी, राजा अंसारी, रियाज अंसारी, विमल चंद्र राउत, गुड्डू कुमार भगत सहित प्रधान सहायक देवाशीष देव बर्मन एवं नगर परिषद के कार्यालय कर्मी मौजूद थे।
नगर परिषद बोर्ड की बैठक में 21 वार्डों की विकास योजनाओं को मिली मंजूरी, पांच पार्षदों ने किया बैठक का बहिष्कार

You Might Also Like
Sign Up For Daily Newsletter
Be keep up! Get the latest breaking news delivered straight to your inbox.
By signing up, you agree to our Terms of Use and acknowledge the data practices in our Privacy Policy. You may unsubscribe at any time.
Leave a Comment Leave a Comment
Stay Connected
- Advertisement -

