फातेह आलम तालझारी
मध्याह्न भोजन में भी मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं मिलने का आरोप, डीसी से स्कूल भवन की शीघ्र मरम्मत की मांग
तालझारी : प्रखंड क्षेत्र के अपग्रेड मिडिल स्कूल छोटी भगियामारी में बुधवार, 9 सितंबर को विद्यालय की समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में बच्चों के अभिभावकों के साथ गांव के विभिन्न सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विद्यालय में व्याप्त समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में पर्याप्त संख्या में शिक्षक नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। शिक्षकों की कमी के चलते बच्चों को बेहतर तरीके से शिक्षा नहीं मिल पा रही है। वहीं, विद्यालय भवन की स्थिति भी काफी जर्जर बताई गई। भवन की मरम्मत नहीं होने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी अभिभावकों में चिंता है।
ग्रामीणों ने मध्याह्न भोजन योजना को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं मिल पा रहा है। इससे बच्चों को मिलने वाली सरकारी भोजन व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बैठक के दौरान भारत दिशोम आदिवासी संघ के साहिबगंज जिलाध्यक्ष मुकेश सोरेन, अभय कुमार सहित अन्य लोगों ने विद्यालय की समस्याओं को लेकर विरोध जताया। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराने, मध्याह्न भोजन व्यवस्था में सुधार कराने तथा जर्जर भवन की जल्द मरम्मत कराने की मांग की। ग्रामीणों ने जिला उपायुक्त से अपग्रेड मिडिल स्कूल छोटी भगियामारी का जल्द से जल्द निरीक्षण कराकर भवन की मरम्मत कराने की मांग की, ताकि बच्चों को सुरक्षित वातावरण में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।


