तिथि तय, फिर भी बंद रहा पोर्टल, फार्म भरने पहुंचे छात्र लौटे मायूस

Lok Bimb
2 Min Read

हवेली खड़गपुर (मुंगेर) : मुंगेर विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा फार्म भरने की निर्धारित तिथि शुरू होने के बावजूद गुरुवार को पोर्टल चालू नहीं होने से हरि सिंह महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। परीक्षा फार्म भरने की उम्मीद लेकर महाविद्यालय पहुंचे विद्यार्थियों को निराश होकर लौटना पड़ा।
विश्वविद्यालय ने स्नातक सेमेस्टर-4 सत्र 2024-28 एवं सेमेस्टर-6 सत्र 2023-27 की परीक्षा के लिए 24 से 28 सितंबर तक फार्म भरने की तिथि निर्धारित की है। वहीं विलंब शुल्क के साथ 29 एवं 30 सितंबर को फार्म भरने का अवसर दिया गया है। निर्धारित तिथि के पहले दिन ही पोर्टल बंद रहने से विद्यार्थियों में नाराजगी देखी गई।
छात्र सैलब झा, ऋषभ कुमार, रोहित, राहुल, अमित, विकास व खुशी नंदिनी ने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा तिथि जारी करने के बाद भी समय पर पोर्टल शुरू नहीं किया जाता है। छुट्टियों के बीच कम समय मिलने से फार्म भरने को लेकर दबाव बढ़ जाता है और कई विद्यार्थियों को मजबूरी में विलंब शुल्क देना पड़ता है। छात्र नेता शुभम केसरी, सोनू झा समेत विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से पोर्टल अविलंब चालू करने तथा तकनीकी विलंब की स्थिति में अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है। विद्यार्थियों ने कहा कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment