बद्री बिगहा-पिरौटा के बीच बाइक सवार अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम, लैपटॉप भी ले गए
औरंगाबाद : फेसर थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक ऑफ बड़ौदा के सीएसपी संचालक को गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये लूट लिए। गोली लगने से पिरौटा गांव निवासी कामेश्वर प्रसाद के 32 वर्षीय पुत्र प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार प्रदीप कुमार कुरहमा गांव में बैंक ऑफ बड़ौदा का सीएसपी संचालित करते हैं। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने घर से बाइक पर सीएसपी खोलने के लिए कुरहमा जा रहे थे। इसी दौरान बद्री बिगहा और पिरौटा गांव के बीच बाइक सवार अपराधियों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया।
बताया जाता है कि दो बाइक पर सवार अपराधियों ने पहले प्रदीप के साथ मारपीट की। इसी बीच तीसरा अपराधी भी मौके पर पहुंच गया। अपराधियों ने प्रदीप के पास मौजूद रुपये छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर एक अपराधी ने उनकी जांघ में गोली मार दी। गोली लगने के बाद प्रदीप सड़क पर गिर पड़े।
इसके बाद अपराधियों ने उनके पास रखे करीब तीन लाख रुपये, लैपटॉप और अन्य सामान लूट लिया और बाइक से फरार हो गए। घायल प्रदीप ने किसी तरह आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ आदित्य कुमार और फेसर थाना अध्यक्ष अमरजीत कुमार मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की। अपराधियों के भागने की दिशा और हुलिये की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी में जुटी है। दिनदहाड़े हुई लूट और गोलीबारी की घटना से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
दिनदहाड़े CSP संचालक को गोली मार तीन लाख की लूट, गया रेफर

Leave a Comment Leave a Comment

