एम्स पटना और बीआईएस की संयुक्त संगोष्ठी में मरीजों की सुरक्षा पर मंथन, उपकरणों की गुणवत्ता और नियमित निगरानी को बताया अहम
गोपाल विद्यार्थी
पटना : मरीजों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सा उपकरणों का निर्धारित मानकों के अनुरूप होना बेहद जरूरी है। उपकरणों की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और सुरक्षा की नियमित निगरानी से उपचार व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उक्त बातें एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल ने बुधवार को एम्स पटना और भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित संगोष्ठी में कही। एम्स पटना में ‘चिकित्सा उपकरणों के मानकीकरण के माध्यम से मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना’ विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने चिकित्सा उपकरणों के राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों, सुरक्षा निगरानी और स्वास्थ्य सेवाओं में मानकीकरण की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। डॉ. राजू अग्रवाल ने कहा कि चिकित्सा उपकरणों का मानकीकरण सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की बुनियाद है। उपकरणों की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के साथ उनकी नियमित निगरानी से इलाज की गुणवत्ता बेहतर बनाने और मरीजों का विश्वास मजबूत करने में मदद मिलती है।
राष्ट्रीय मानकों से मजबूत होगी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता
बीआईएस के मेडिकल इक्विपमेंट एंड हॉस्पिटल डिवाइसेज विभाग के निदेशक एवं प्रमुख सुमित सेंगर ने कहा कि चिकित्सा उपकरणों की गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में मानकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मानक निर्धारण करने वाली संस्थाओं और स्वास्थ्य संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय तथा उपकरणों की प्रभावी निगरानी से मरीजों को अधिक सुरक्षित चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं। कार्यक्रम में बीआईएस के कार्तिक रेड्डी ने राष्ट्रीय गुणवत्ता व्यवस्था और मानकीकरण में भारतीय मानक ब्यूरो की भूमिका पर प्रस्तुति दी। वहीं, एनआईपीईआर हाजीपुर के आईपीसी-एमवीपीआई के आरटीसी समन्वयक डॉ. समीर धींगरा ने चिकित्सा उपकरणों और इन-विट्रो डायग्नोस्टिक डिवाइस (आईवीडी) की सुरक्षा निगरानी पर प्रकाश डाला। उन्होंने संभावित जोखिमों की पहचान और उपकरणों की सुरक्षा पर लगातार नजर रखने की आवश्यकता बताई। बीआईएस के एमएचडी विभाग के पवन कुमार ने मानक निर्धारण की प्रक्रिया की जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने साझा किए मरीजों की सुरक्षा से जुड़े अनुभव
संगोष्ठी में आयोजित पैनल चर्चा में चिकित्सा उपकरणों की सुरक्षा और मरीजों की देखभाल से जुड़े व्यावहारिक अनुभवों पर विचार-विमर्श किया गया। चर्चा का संचालन बीआईएस के कार्तिक रेड्डी ने किया। इसमें एम्स पटना के कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. संजीव कुमार, ऑर्थोपेडिक्स विभाग के प्रमुख डॉ. अनूप कुमार, कार्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. अनुपम भंभानी तथा कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग की अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. प्रगति कपूर ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने चिकित्सा उपकरणों के उपयोग में गुणवत्ता मानकों के पालन और संभावित जोखिमों की समय पर पहचान को मरीजों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित ओपन हाउस चर्चा में भी प्रतिभागियों ने मानकीकरण और सुरक्षित चिकित्सा सेवाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए।
चिकित्सा विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों ने लिया भाग
संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र में एम्स पटना की डीन (एकेडमिक्स) प्रो. डॉ. पूनम प्रसाद भदानी, डीन (रिसर्च) प्रो. डॉ. संजय पांडेय, चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. प्रशांत कुमार सिंह तथा बीआईएस और एम्स पटना के अन्य अधिकारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि चिकित्सा उपकरणों के लिए प्रभावी गुणवत्ता मानक, नियमित सुरक्षा निगरानी और संबंधित संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय मरीजों की सुरक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संगोष्ठी का उद्देश्य चिकित्सा तकनीक के सुरक्षित उपयोग और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए मानकीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।


