बिहार के 38 जिलों में एक साथ गूंजा स्टार्टअप बैंक कनेक्ट, 6,289 स्टार्टअप्स ने लिया हिस्सा

Lok Bimb
2 Min Read

उद्योग विभाग की पहल से युवाओं को बैंक ऋण, सरकारी योजनाओं और वित्तपोषण के अवसरों की मिली जानकारी

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : बिहार में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने और युवा उद्यमियों के लिए वित्तीय सहायता की राह आसान बनाने के उद्देश्य से उद्योग विभाग की पहल स्टार्टअप बिहार ने राज्यव्यापी ‘स्टार्टअप बैंक कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन किया। राज्य के सभी 38 जिलों में एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम में 6,289 स्टार्टअप्स ने भाग लिया। विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में स्थापित स्टार्टअप सेल के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में कई जिलों के जिलाधिकारियों ने भी सहभागिता की।

बैंक ऋण और सरकारी योजनाओं पर विशेष जोर

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शुरुआती चरण के स्टार्टअप्स को बैंकिंग प्रक्रियाओं, वित्तीय सहायता योजनाओं और संस्थागत वित्तपोषण के अवसरों से अवगत कराना था। इस दौरान स्टार्टअप बिहार एवं स्टार्टअप इंडिया के तहत उपलब्ध सरकारी योजनाओं, ऋण सुविधाओं और बिना संपार्श्विक (कोलेटरल) के ऋण प्राप्त करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। युवा उद्यमियों को बताया गया कि व्यवसाय शुरू करने और उसका विस्तार करने के लिए वित्तीय योजना, जरूरी दस्तावेजों की तैयारी तथा बैंकिंग प्रक्रियाओं की समझ कितनी महत्वपूर्ण है। साथ ही, संस्थागत वित्त प्राप्त करने में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान पर भी संवाद किया गया।

वित्तीय अनुशासन से मजबूत होगा उद्यम

कार्यक्रम में स्टार्टअप्स की दीर्घकालिक सफलता के लिए वित्तीय अनुशासन, सुविचारित व्यावसायिक योजना और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग की आवश्यकता पर बल दिया गया। इसका उद्देश्य युवाओं को केवल नए व्यवसाय शुरू करने के लिए प्रेरित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से टिकाऊ और सफल उद्यम विकसित करने के लिए तैयार करना भी है। स्टार्टअप बिहार की यह पहल राज्य में नवाचार, उद्यमशीलता और वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। उद्योग विभाग का लक्ष्य शैक्षणिक संस्थानों में स्थापित स्टार्टअप सेल और इन्क्यूबेशन केंद्रों के नेटवर्क के माध्यम से उभरते उद्यमियों को मार्गदर्शन, वित्तीय संसाधनों तक पहुंच और विकास के अवसर उपलब्ध कराना है।

Share This Article
Leave a Comment