अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश, कांग्रेस की रैली पर भी साधा निशाना
गोपाल विद्यार्थी
पटना : जदयू के प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने प्राप्त आवेदनों और शिकायतों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में जदयू के प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अरुण वर्मा चंद्रवंशी भी मौजूद रहे। जनसुनवाई के दौरान मंत्री ने आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में भगवान सिंह कुशवाहा ने दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस की रैली पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस रैली का कोई राजनीतिक औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि हाल ही में देश के चार राज्यों में बैलेट पेपर के माध्यम से हुए विधान परिषद चुनावों में कांग्रेस की स्थिति स्पष्ट हो चुकी है। विपक्ष चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाकर अपनी हार के बहाने तलाश रहा है।


