ओलंपिक कांस्य पदक विजेता स्ट्राइकर को हॉकी इंडिया ने किया सम्मानित, अर्जुन पुरस्कार से भी हो चुके हैं सम्मानित
गोपाल विद्यार्थी
पटना : भारतीय पुरुष हॉकी टीम के फॉरवर्ड खिलाड़ी अभिषेक ने शुक्रवार को अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। उन्होंने हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब-2026 में जापान के खिलाफ मुकाबले के दौरान सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में 150 मैच पूरे किए। इस उपलब्धि पर हॉकी इंडिया ने उन्हें बधाई देते हुए सम्मानित किया।मुकाबले से पहले एशियन हॉकी फेडरेशन के उपाध्यक्ष एवं हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने अभिषेक को स्मृति जर्सी भेंट की। वहीं, जालंधर के पुलिस आयुक्त सतिंदर सिंह ने उन्हें विशेष हॉकी स्टिक देकर सम्मानित किया।
ओलंपिक और एशियन गेम्स में जीत चुके हैं पदक
27 वर्षीय अभिषेक ने वर्ष 2022 में सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पदार्पण किया था। अपनी तेज गति, शानदार मूवमेंट और गोल करने की क्षमता के दम पर उन्होंने भारतीय टीम में अहम स्थान बनाया है। उनके करियर की प्रमुख उपलब्धियों में पेरिस ओलंपिक-2024 का कांस्य पदक तथा हांगझोऊ-2023 और आइची-नागोया-2026 एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक शामिल हैं। अभिषेक 2025 में राजगीर में आयोजित एशिया कप और 2024 में हुलुनबुइर में हुई एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम के भी सदस्य रहे हैं। इसके अलावा, उन्होंने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल-2022 में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। खेल के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2024 में प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
हॉकी इंडिया ने दी बधाई
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने अभिषेक को 150 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में पदार्पण के बाद से अभिषेक का सफर उनकी मेहनत, समर्पण और टीम के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने भविष्य में भी अभिषेक की सफलता की कामना की। वहीं, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अभिषेक का प्रदर्शन उनकी प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और देश के लिए बेहतर करने की इच्छाशक्ति का प्रमाण है।


