खेतों की उर्वरता बचाने के लिए सभी 38 जिलों में बनेगी मिट्टी जांच प्रयोगशाला : विजय सिन्हा

Lok Bimb
3 Min Read

सारण में ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत कृषि जनकल्याण संवाद, 15 से 16 लाख किसानों तक पहुंचने का लक्ष्य

गोपाल विद्यार्थी 

पटना : खेतों की उर्वरता बचाने, मिट्टी का स्वास्थ्य सुधारने और किसानों की समृद्धि सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को सारण जिले में ‘खेत बचाओ अभियान-सह-कृषि जनकल्याण संवाद’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि खेत बचेंगे और मिट्टी स्वस्थ रहेगी, तभी परिवार और समाज समृद्ध होगा। उन्होंने कहा कि मिट्टी का स्वास्थ्य सीधे हमारे भोजन और परिवार के स्वास्थ्य से जुड़ा है। कृषि मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य के सभी 38 जिलों के 629 पीएम श्री एवं राजकीय विद्यालयों में मिनी मिट्टी जांच प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। इनमें से 160 पीएम श्री उच्च विद्यालयों में प्रयोगशालाएं स्थापित की जा चुकी हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को मिट्टी की गुणवत्ता और वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करना है।उन्होंने बताया कि खरीफ मौसम में राज्यभर में 7,275 किसान बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें 6.19 लाख से अधिक किसानों ने भाग लिया। इनमें 2.12 लाख से अधिक महिला किसान शामिल थीं। रबी मौसम 2026-27 में अभियान को राज्य के सभी 534 प्रखंडों तक पहुंचाने का लक्ष्य है। इसके तहत प्रत्येक प्रखंड की कम से कम दो पंचायतों में जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे और 15 से 16 लाख किसानों तक पहुंचने का प्रयास होगा। कार्यक्रम में मंत्री ने बीज, कीटनाशक, मिट्टी जांच और उर्वरक सहित कृषि से जुड़े 19 महत्वपूर्ण विषयों पर किसानों से सीधा संवाद किया। किसानों की समस्याएं और सुझाव सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। यूरिया 270 रुपये में उपलब्ध कराने की सूचना पर किसानों ने संबंधित पदाधिकारियों की सराहना भी की। मौके पर सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक छोटी कुमारी, जनक सिंह, रणधीर कुमार सिंह, मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह तथा विधान परिषद सदस्य सच्चिदानंद राय सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कृषि मंत्री ने विभागीय प्रदर्शनी का निरीक्षण कर आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों, गुणवत्तायुक्त बीजों और प्राकृतिक खेती से जुड़े नवाचारों की जानकारी ली।

Share This Article
Leave a Comment