आरूष आरिदमान ने रजत तो अमिषा पटेल, हिमांशु और शिवम प्रजापति ने कांस्य पदक पर जमाया कब्जा
गोपाल विद्यार्थी
पटना : श्रीनगर में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय ताइक्वांडो अंडर-17 प्रतियोगिता में बिहार के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का मान बढ़ाया है। 22 से 26 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में बिहार की टीम ने एक रजत और तीन कांस्य सहित कुल चार पदक हासिल किए। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों एवं संस्थाओं के करीब 3500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इतने बड़े स्तर की प्रतियोगिता में बिहार के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा का प्रमाण है। पदक विजेताओं में नवादा के आरूष आरिदमान ने 38-41 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीता। वहीं, लखीसराय की अमिषा पटेल ने 35-38 किलोग्राम, शेखपुरा के हिमांशु कुमार ने 48-51 किलोग्राम तथा औरंगाबाद के कुमार शिवम प्रजापति ने 59-63 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।खिलाड़ियों की इस सफलता में प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बालक टीम के प्रशिक्षक अमरेन्द्र कुमार, बालिका टीम की प्रशिक्षिका खुशबू कुमारी तथा दल प्रबंधक मुन्ना कुमार ने खिलाड़ियों को मार्गदर्शन और सहयोग दिया। महानिदेशक ने खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि इससे बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और अन्य युवा खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी।


