धान कटनी के समय सात गांवों के किसान परेशान, उपज ढोने के लिए लगाना पड़ रहा 20 किलोमीटर का चक्कर
मोहिउद्दीन मंसुरी कोटालपोखर
कोटालपोखर : बड़हरवा-पाकुड़ रेलखंड के कोटालपोखर स्टेशन के समीप विजयपुर गांव स्थित रेलवे पुल संख्या 256 पर लोहे के स्लीपर लगाकर रास्ता बंद किए जाने के विरोध में सोमवार को दर्जनों किसानों ने प्रदर्शन किया। किसानों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आवागमन बहाल करने की मांग की। मयूरकोला, दुखियाटोला, भाटापाड़ा, पथरिया, बड़ा सुनकर, विजयपुर और मुसहरी टोला के किसानों ने बताया कि पुल बंद होने से बैलगाड़ी और छोटे वाहनों का आवागमन बाधित हो गया है। धान कटनी के मौसम में खेतों से खलिहान तक उपज पहुंचाने के लिए अब करीब 20 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है। इससे किसानों का समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं।
किसान बलदेव साहा और मो. रिजवान ने कहा कि खेती की बढ़ती लागत के बीच रास्ता बंद होने से किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। रेलवे प्रशासन को किसानों की समस्या को देखते हुए जल्द वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था करनी चाहिए।
प्रदर्शनकारी किसानों ने चेतावनी दी कि धान कटनी से पहले समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।


