मातृभाषा आधारित शिक्षा, कौशल विकास, डिजिटल साक्षरता और स्पोकन इंग्लिश पर रहेगा विशेष जोर
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को राज्य की भाषाई, सांस्कृतिक और सामाजिक विविधता को ध्यान में रखते हुए भाषा शिक्षा नीति तैयार करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा नीति में विद्यार्थियों की मातृभाषा को सम्मान देने के साथ-साथ उनके ज्ञान, कौशल और अभिव्यक्ति की क्षमता को भी मजबूत बनाया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल निर्धारित पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं होना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए सक्षम, आत्मविश्वासी और प्रतिस्पर्धी बनाना भी होना चाहिए।
वे बुधवार को झारखंड मंत्रालय में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा आयोजित ‘झारखंड राज्य भाषा शिक्षा नीति’ के प्रारूप प्रस्तुतीकरण से संबंधित बैठक में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य की भाषाई विविधता, विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों, कौशल विकास, डिजिटल दक्षता और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक एवं दूरदर्शी शिक्षा नीति तैयार की जाए।
उन्होंने कहा कि झारखंड में भाषाई, सांस्कृतिक और सामाजिक विविधता व्यापक है। राज्य के बच्चे अपने घरों और समुदायों में मातृभाषा एवं विभिन्न स्थानीय भाषाओं का प्रयोग करते हैं, जबकि विद्यालयों में पढ़ाई मुख्य रूप से हिंदी या अंग्रेजी माध्यम से होती है।
उन्होंने कहा कि भाषाओं के इस अंतर का असर विशेष रूप से प्रारंभिक कक्षाओं में बच्चों की समझ, अभिव्यक्ति, सहभागिता और सीखने की क्षमता पर नहीं पड़ना चाहिए। प्रस्तावित भाषा शिक्षा नीति का उद्देश्य इसी चुनौती का समाधान करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की भाषाई विविधता राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसे शिक्षा व्यवस्था से जोड़ते हुए ऐसी शिक्षण पद्धति विकसित की जानी चाहिए, जिससे विद्यार्थी अपनी भाषा में सहजता से पढ़ाई कर सकें और शिक्षा के क्षेत्र में नए एवं अभिनव प्रयोगों को बढ़ावा मिल सके।
विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों की रुचि, प्रतिभा और व्यावहारिक क्षमताओं का भी विकास किया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को कौशल आधारित शिक्षा में हॉकी को शामिल करने की संभावनाओं पर विचार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड के लड़के और लड़कियां हॉकी के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में कौशल आधारित शिक्षा में इस खेल को शामिल करने से उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
12वीं कक्षा से पहले स्पोकन इंग्लिश की कक्षाएं होंगी सुनिश्चित
हेमंत सोरेन ने विद्यार्थियों के लिए स्पोकन इंग्लिश की कक्षाएं संचालित करने पर भी विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा, रोजगार, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों को दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है। ऐसे में अंग्रेजी बोलने और संवाद करने का आत्मविश्वास उनके लिए काफी लाभकारी साबित होगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने से पहले ही विद्यार्थियों के लिए स्पोकन इंग्लिश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इससे विद्यार्थियों का संवाद कौशल बेहतर होगा, उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और भविष्य में आगे बढ़ने के अधिक अवसर मिलेंगे।
डिजिटल दक्षता और भविष्य की जरूरतों पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से दक्ष बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा नीति ऐसी होनी चाहिए, जिससे विद्यार्थियों को वर्तमान के साथ-साथ भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नीति तैयार करते समय आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, कक्षाओं में तकनीक के उपयोग और विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखा जाए, ताकि विद्यार्थी तेजी से बदलती तकनीकी दुनिया के लिए तैयार हो सकें।
मातृभाषा, हिंदी और अंग्रेजी को परस्पर सहयोगी भाषा के रूप में विकसित करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को संवर्धनात्मक बहुभाषिकता के सिद्धांत पर शिक्षा नीति तैयार करने का निर्देश दिया।
इस व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों की पहली भाषा को हटाए बिना दूसरी और तीसरी भाषा सिखाने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि मातृभाषा, हिंदी और अंग्रेजी को शिक्षा व्यवस्था में परस्पर सहयोगी भाषाओं के रूप में देखा जाना चाहिए।
नीति में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे विद्यार्थी अपनी भाषाई और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखते हुए तीनों भाषाओं में दक्षता हासिल कर सकें।
तीन शैक्षणिक चरणों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है प्रारूप
बैठक में अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि राज्य में भाषा शिक्षा नीति तैयार करने के उद्देश्य से वर्ष 2025 में भाषा शिक्षा नीति निर्माण समिति का गठन किया गया था।
समिति ने झारखंड के साथ-साथ अन्य राज्यों की शिक्षा पद्धतियों का अध्ययन करने के बाद नीति का प्रारूप तैयार किया है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित शिक्षा नीति में तीन प्रमुख शैक्षणिक चरण शामिल किए गए हैं. पूर्व बाल्यावस्था शिक्षा से कक्षा 2 तक, कक्षा 3 से कक्षा 5 तक, कक्षा 6 से कक्षा 12 तक।
इन तीनों चरणों में विद्यार्थियों की मातृभाषा एवं स्थानीय भाषाओं को स्कूली शिक्षा में शामिल करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों को परिचित भाषाओं में सहजता से पढ़ने और बेहतर शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करने का अवसर देना है।
अधिकारियों ने बताया कि इस नीति से राज्य की स्थानीय भाषाओं का संरक्षण, संवर्धन और व्यापक उपयोग सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इससे विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया अधिक सहज और प्रभावी बनेगी तथा शिक्षा के क्षेत्र में क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषाओं के उपयोग को नई दिशा मिलेगी।
बैठक में शिक्षा नीति के विभिन्न प्रावधानों और प्रारूप के प्रमुख बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
झारखंड राज्य भाषा शिक्षा नीति के प्रारूप प्रस्तुतीकरण से संबंधित बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह, झारखंड शिक्षा परियोजना के राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन, जनजातीय अनुसंधान संस्थान (टीआरआई) के निदेशक आलोक शिकारी कच्छप, झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) के सचिव एस.डी. तिग्गा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


