बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर से हो रहा था लकड़ी का परिवहन, गुप्त सूचना पर वन विभाग की टीम ने की कार्रवाई
फातेह आलम तालझारी
साहिबगंज : जिले में अवैध लकड़ी के कारोबार और वन संपदा की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने डिगरा पहाड़, बांझी क्षेत्र में छापेमारी कर 40 पीस सखुआ की लकड़ी से तैयार चौखट सहित एक बिना नंबर प्लेट का ट्रैक्टर जब्त किया है। मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग को क्षेत्र में अवैध रूप से लकड़ी का परिवहन किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया। जांच के दौरान ट्रैक्टर पर सखुआ की लकड़ी से तैयार 40 चौखट लदे मिले। खास बात यह रही कि ट्रैक्टर पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी। कार्रवाई के बाद जब्त ट्रैक्टर और लकड़ी को वन परिसर लाया गया है। विभाग की ओर से मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में लकड़ी के स्रोत, परिवहन में शामिल लोगों तथा अवैध कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में वन परिसर पदाधिकारी राणा रंजीत चौधरी, उप वन परिसर पदाधिकारी सुनील कुमार, अंकित झा सहित वन विभाग के अन्य कर्मी मौजूद थे।


