लक्ष्य से पीछे रहने वाले जिलों से मांगा जाएगा जवाब, मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का दिया निर्देश
गोपाल विद्यार्थी
पटना : बिहार में विशेष भूमि सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यों को गति देने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने निगरानी व्यवस्था सख्त करने का निर्णय लिया है। अब मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल प्रत्येक माह सर्वेक्षण कार्यों की समीक्षा करेंगे, जबकि सभी जिलों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग होगी। निर्धारित लक्ष्य से पीछे रहने वाले जिलों से जवाब भी मांगा जाएगा। बुधवार को शास्त्रीनगर स्थित राजस्व सर्वेक्षण प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को यह निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विशेष भूमि सर्वेक्षण सरकार की प्राथमिकता वाला अभियान है। इसकी प्रगति का आकलन प्रत्येक माह निर्धारित लक्ष्य और उपलब्धि के आधार पर किया जाएगा। सर्वे निदेशालय के नोडल पदाधिकारी अपने आवंटित जिलों की प्रतिदिन समीक्षा कर मुख्यालय को दैनिक प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे, ताकि कार्यों में आने वाली बाधाओं का समय पर समाधान हो सके। मंत्री ने बंदोबस्त पदाधिकारियों को अधीनस्थ कर्मियों के कार्यों की नियमित निगरानी और आत्ममूल्यांकन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण में तेजी के साथ गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही भी सुनिश्चित होनी चाहिए। डॉ. जायसवाल ने कहा कि विशेष भूमि सर्वेक्षण का उद्देश्य भू-अभिलेखों को स्पष्ट और अद्यतन बनाने के साथ भूमि विवादों का स्थायी समाधान करना है। इससे न्यायालयों में जमीन से जुड़े मुकदमों का बोझ घटेगा तथा आम लोगों को बैंक ऋण, निवास एवं दखल-कब्जा प्रमाण पत्र और पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे में सहूलियत मिलेगी। विभाग के सचिव जय सिंह ने भी निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने और सर्वेक्षण की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने पर जोर दिया। वहीं, भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय के निदेशक सुहर्ष भगत ने बताया कि दूसरे चरण में राज्य के 36 जिलों के 444 अंचलों के 37,430 मौजों में सर्वेक्षण कार्य चल रहा है। इसके तहत 8 करोड़ 70 लाख 24 हजार 440 खेसरों का सर्वेक्षण किया जाना है, जिसमें 6,772 अमीन कार्यरत हैं। बैठक में सचिव सीमा त्रिपाठी, सहायक निदेशक सुबोध कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी अनुपम प्रकाश सहित सभी जिलों के बंदोबस्त पदाधिकारी उपस्थित रहे।
विशेष भूमि सर्वेक्षण की हर माह होगी समीक्षा, जिलों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग

Leave a Comment Leave a Comment

