रोहतास के ग्लूकोनाइट व लाइमस्टोन और गया के निकेल-क्रोमियम ब्लॉकों की हुई समीक्षा, उत्पादन में देरी पर जताई नाराजगी
गोपाल विद्यार्थी
पटना : बिहार में खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक अन्वेषण, खनिज ब्लॉकों की ई-नीलामी और उत्पादन प्रक्रिया में तेजी लाने को लेकर सोमवार को खान एवं भूतत्व विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभागीय सचिव अवनीश कुमार, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) के बिहार इकाई के उप महानिदेशक सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में रोहतास जिले के पिपराडीह-भुरवा एवं चुटिया-नौहट्टा ग्लूकोनाइट ब्लॉक तथा भोरा-कथरा लाइमस्टोन ब्लॉक की ई-नीलामी की प्रगति की समीक्षा की गई। वहीं, गया जिले के गेंजाना निकेल-क्रोमियम एवं पीजीई ब्लॉक में उत्पादन और खनिज प्रेषण की स्थिति पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने अधिकारियों को सभी आवश्यक वैधानिक एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर नीलामित ब्लॉकों में उत्पादन और प्रेषण शुरू कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केवल नीलामी पूरी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि खनिज ब्लॉकों में समय पर उत्पादन शुरू होना चाहिए। इसमें किसी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में पत्थर भूखंडों की ई-नीलामी की प्रगति पर भी विचार-विमर्श हुआ। मंत्री ने कहा कि वैज्ञानिक सर्वेक्षण और पारदर्शी ई-नीलामी के माध्यम से बिहार की खनिज संपदा का टिकाऊ विकास किया जाएगा। इससे राज्य में निवेश, रोजगार और राजस्व के नए अवसर सृजित होंगे।


