दस दिवसीय महोत्सव में राजस्थान के कारीगरों, महिला समूहों और खाद्य उत्पादकों के उत्पादों को दिल्लीवासियों का शानदार प्रतिसाद
नई दिल्ली: बीकानेर हाउस में आयोजित दस दिवसीय तीजोत्सव क्राफ्ट एंड फूड फेयर 2026 का सोमवार को शानदार समापन हुआ। मेले में राजस्थान के हस्तशिल्प, पारंपरिक परिधानों, खाद्य पदार्थों और अन्य उत्पादों से जुड़े स्टॉलों पर ₹1.30 करोड़ से अधिक की रिकॉर्ड बिक्री दर्ज की गई।
महोत्सव में राजस्थान के विभिन्न हिस्सों से आए कारीगरों, शिल्पकारों, कलाकारों और खाद्य विक्रेताओं ने हिस्सा लिया। इस आयोजन ने दिल्लीवासियों और आगंतुकों को एक ही छत के नीचे राजस्थान की समृद्ध कला, शिल्प, खान-पान और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने और अनुभव करने का अवसर प्रदान किया।
प्रधान आवासीय आयुक्त श्री रोहित कुमार ने रिकॉर्ड बिक्री के लिए सभी प्रतिभागी कारीगरों और प्रदर्शकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बीकानेर हाउस में पहले दिन से ही बड़ी संख्या में आगंतुक पहुंचे। लोगों ने पारंपरिक हस्तशिल्प, खाद्य उत्पादों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पारंपरिक खेलों में विशेष रुचि दिखाई।
रूडा के सलाहकार श्री ओम प्रकाश ने बताया कि रूडा की ओर से पारंपरिक राजस्थानी हस्तशिल्प, वस्त्रों और परिधानों को प्रदर्शित करने के लिए 25 स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर प्रदर्शित उत्पादों को आगंतुकों का उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला और लोगों ने बड़ी संख्या में खरीदारी की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मेले में पिछले आयोजनों की तुलना में बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
दस दिवसीय तीजोत्सव की सफल समाप्ति ने राष्ट्रीय राजधानी में राजस्थान की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और खान-पान की बढ़ती लोकप्रियता को रेखांकित किया। साथ ही, इस आयोजन ने कारीगरों, शिल्पकारों, महिला समूहों और जमीनी स्तर के उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और व्यापक बाजारों तक पहुंच बनाने के नए अवसर प्रदान किए।


