संगठन की मजबूती और नारी शक्ति के सशक्तीकरण पर दिया जोर, जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान
मोहिउद्दीन मंसुरी कोटालपोखर
बरहरवा : भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष सीमा सिंह संथाल परगना के भ्रमण के दौरान बरहरवा पहुंचीं। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान संगठन की मजबूती, महिला सशक्तीकरण और जनसेवा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना, संगठन में उन्हें उचित भागीदारी दिलाना और समाजसेवा के कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करना है। महिला शक्ति किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। इसलिए महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर प्रयास करना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा जनहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष गौतम कुमार यादव, जिला प्रभारी अमृत पांडेय, रमिता तिवारी, कमल कृष्ण भगत, नगर अध्यक्ष रवींद्र भगत, अमित भारती, गरिमा, श्वेता, रिमझिम, उषा भारती और पूनम देवी सहित बरहरवा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को भरोसा दिलाया कि संगठन की मजबूती, नारी शक्ति के सम्मान और जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए सभी मिलकर कार्य करेंगे।


