खैरागढ़ में CAF के जवान ने गोलीमार कर की आत्महत्या, एक दिन पहले छुट्टी से लौटा था, राजपरिवार में लगी थी ड्यूटी

Lok Bimb
3 Min Read

Khairagarh News: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में एक जवान ने खुद के सर्विस राइयफ से गोली मारकर सुसाइड कर लिया। जवान की ड्यूटी राजपरिवार में लगी थी। वह तनाव में था।

खैरागढ़: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले के छूईखदान क्षेत्र में सोमवार को एक जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उदयपुर स्थित राजपरिवार के पैलेस में तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के एक जवान ने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद को गोली मारी। गोली की आवाज से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी जवानों ने उसे खून से लथपथ हालत में पाया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

भिलाई का रहने वाला था जवान

मृत जवान की पहचान कृपाचंद सोनवानी के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की छठवीं बटालियन में पदस्थ था। वह मूल रूप से भिलाई का निवासी था। घटना सोमवार शाम करीब साढ़े पांच से छह बजे के बीच की बताई जा रही है। इस घटना की पुष्टि पुलिस महानिरीक्षक बालाजीराव सोमावार ने की है।

राजपरिवार में लगी थी दोनों की ड्यूटी

दरअसल, पूर्व विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद से राजपरिवार में चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते प्रशासन ने उदयपुर पैलेस और खैरागढ़ स्थित कमल विलास पैलेस को सील कर रखा है। दोनों परिसरों की सुरक्षा के लिए सीएएफ के जवानों की तैनाती की गई है और अलग-अलग शिफ्ट में उनकी ड्यूटी लगाई जाती है।

बताया जा रहा है कि सोमवार को भी सामान्य दिनों की तरह कृपाचंद सोनवानी अपनी ड्यूटी पर मौजूद था। साथियों के मुताबिक वह कुछ समय से तनाव में दिखाई दे रहा था, लेकिन इसे ज्यादा गंभीरता से नहीं लिया गया। इसी बीच शाम के वक्त अचानक गोली चलने की तेज आवाज से पैलेस परिसर में हड़कंप मच गया। साथी जवान जब मौके पर पहुंचे तो देखा कि कृपाचंद सोनवानी जमीन पर खून से लथपथ पड़ा हुआ है। उसने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद पर फायर कर लिया था। आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाकर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

छुट्टी से लौटने के अगले ही दिन उठाया आत्मघाती कदम

पुलिस के अनुसार कृपाचंद सोनवानी रविवार को ही छुट्टी से वापस ड्यूटी पर लौटा था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घरेलू या निजी कारणों के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि मौके से अभी तक कोई सुसाइड नोट या अन्य ठोस सुराग बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article
Leave a Comment