राष्ट्रीय शिक्षा 2020 के अनुरूप  पाठ्यक्रम संशोधन को लेकर  बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड समिति की बैठक

Lok Bimb
2 Min Read

भारतीय परंपरा व वैदिक गणित को पाठ्यक्रम में प्रभावी रूप से समाहित करने पर जोर

गोपाल विद्यार्थी

पटना : बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के सभागार में शुक्रवार को पाठ्यक्रम समिति की  बैठक आयोजित की गई। मौके पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप पाठ्यक्रम निर्माण, भारतीय ज्ञान परम्परा, वैदिक गणित तथा शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न विषयों पर संशोधन के लिए प्राप्त बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। बैठक में संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार झा ने शिक्षा विभाग द्वारा संशोधित बिंदुओं पर चर्चा करते हुए भारतीय ज्ञान परम्परा, वैदिक गणित सहित पाठ्यक्रम को आकर्षक बनाने की बात कही | मौके पर माननीय विधान पार्षद  निवेदिता सिंह,  अरुण झा एवं  धनेश्वर कुशवाहा आदि मौजूद रहे। अतिथियों ने संस्कृत शिक्षा को अधिक गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुख, भारतीय ज्ञान परम्परा से समृद्ध तथा समयानुकूल बनाने पर बल दिया।
बैठक में समिति के सदस्य प्रो. डॉ. रामसेवक झा, प्रो. श्रीपति त्रिपाठी, प्रो. रमेश, प्रो. नरेंद्र, श्री विभूति, श्री बाबूलाल, श्री देव निरंजन, श्री प्रजापति एवं श्री भवनाथ झा ने शिक्षा विभाग से प्राप्त संशोधन संबंधी बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की तथा आवश्यक सुझाव एवं अनुशंसाएँ प्रस्तुत कीं। बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप संस्कृत शिक्षा को नई दिशा देने, भारतीय ज्ञान परम्परा एवं वैदिक गणित को पाठ्यक्रम में प्रभावी रूप से समाहित करने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए पाठ्यक्रम को और अधिक व्यावहारिक एवं समकालीन बनाने पर सहमति बनी।

Share This Article
Leave a Comment